हजारीबाग: कांग्रेस पार्टी इन दिनों अपने प्रवक्ता की तलाश कर रही है. इसके लिए पार्टी ने नेशनल मीडिया टैलेंट हंट कार्यक्रम शुरू किया है, जिसमें इच्छुक लोगों को आवेदन देने की बात भी कही जा रही है. झारखंड प्रदेश से आए हजारीबाग जिले के समन्वयक राकेश किरण महतो ने इसकी जानकारी दी है.
- पूरे राज्य में इन दिनों कांग्रेस पार्टी प्रवक्ता की तलाश में जुट गई है. पार्टी चाहती है कि जो कांग्रेस की विचारधारा से प्रभावित है, वैसे व्यक्ति या फिर पत्रकार कांग्रेस के प्रवक्ता बन सकते हैं. झारखंड प्रदेश से आए हजारीबाग जिले के समन्वयक राकेश किरण महतो और सहायक समन्वयक सुनील सिंह ने कहा कि पहले कोई नेता या मंत्री पार्टी का प्रवक्ता मनोनीत कर देते थे, पर अब प्रवक्ता की नियुक्ति चयन प्रक्रिया से होगी.
कांग्रेस की विचारधारा वाला कोई भी व्यक्ति या पत्रकार ऑनलाइन या ऑफलाइन के माध्यम से आवेदन दे सकते हैं, लेकिन इसके लिए सांसद या जिला अध्यक्ष की अंनुशसा जरूरी है. यह प्रक्रिया झारखंड प्रदेश में 27 नवंबर से पांच दिसंबर तक चलेगी. मीडिया टैलेंट हंट का मुख्य उद्देश्य कांग्रेस के लिए प्रभावशाली मीडिया प्रवक्ता तैयार करना है, जो लोगों तक कांग्रेस के विचार, नीतियां और संदेश को प्रभावी ढंग से पहुंचा सके. कांग्रेस पार्टी का उद्देश्य नए और सक्षम लोगों को मौका देना है, ताकि पुराने परंपरागत नेताओं के बजाय नया चेहरा जुड़ सके.


