Tuesday, April 7, 2026

झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने 2026 मैट्रिक-इंटर परीक्षा की फीस बढ़ा दी है.

Share

रांची: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने 2026 में होने वाले मैट्रिक-इंटर की परीक्षा के लिए शुल्क में भारी वृद्धि की है. जैक द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार परीक्षा शुल्क में करीब 25 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है. इस संबंध में जैक ने साल 2026 के फरवरी महीने में होने वाले मैट्रिक-इंटर की परीक्षा के लिए भरे जा रहे आवेदन के साथ बढ़ी हुई दर से परीक्षा शुल्क लेने का निर्देश सभी स्कूलों को दिया है. गौरतलब है कि जैक बोर्ड की बैठक में परीक्षा शुल्क बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी. जाहिर है नई दरों के लागू होने के बाद छात्र-छात्राओं को अब पुराने शुल्क के मुकाबले अधिक राशि देनी होगी.

राज्य में जैक बोर्ड की परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के बढ़े हुए परीक्षा शुल्क के साथ फार्म भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. मैट्रिक-इंटर दोनों परीक्षा के लिए आवेदन बिना विलंब शुल्क के 18 नवंबर से 5 दिसंबर तक भरे जायेंगे. जबकि विलंब शुल्क के साथ जैक ने 6 दिसंबर से 12 दिसंबर तक फॉर्म भरने का समय निर्धारित किया है.

JHARKHAND ACADEMIC COUNCIL

जैक द्वारा जारी नये परीक्षा शुल्क की बात करें तो 2026 मैट्रिक परीक्षा में शामिल होने वाले नियमित छात्राएं, SC, ST, BC-I, BC-II वर्ग को अब 980 रुपए देने होंगे. वहीं सामान्य और EWS वर्ग को 1180 रुपये और प्राइवेट छात्र-छात्राओं को भी 1180 रुपए देने होंगे. जबकि विलंब शुल्क 500 रुपये अतिरिक्त सभी कोटि के विद्यार्थियों के लिए निर्धारित किया गया है.

JHARKHAND ACADEMIC COUNCIL

इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए नए शुल्क की बात करें तो नियमित छात्राएं, SC, ST, BC-I, BC-II वर्ग के लिए 1100 रुपये, सामान्य और EWS वर्ग के 1400 रुपए और प्राइवेट छात्र-छात्राओं को 1400 रुपये देने होंगे. जबकि लेट फीस 500 रुपए सभी कोटि के लिए अतिरिक्त लगेगा. इसके अलावा जैक ने रिजल्ट सुधार व दोबारा परीक्षा के शुल्क में भी बढ़ोतरी की है. फीस बढ़ोतरी से राज्य के करीब 8 लाख विद्यार्थियों पर इसका असर पड़ने की संभावना व्यक्त की जा रही है. गौरतलब है कि राज्य में साल 2026 की जैक बोर्ड परीक्षा फरवरी के प्रथम सप्ताह में शुरू होने की संभावना है.

Read more

Local News