Tuesday, April 7, 2026

झारखंडवासियों को फिलहाल शीतलहर और कनकनी से राहत मिलेगी.

Share

रांची: झारखंड के मौसम ने 19 नवंबर से नई करवट ली है. शीतलहर के थमने से कनकनी खत्म हो गई है. दो दिन पहले तक राज्य के 10 जिलों का न्यूनतम पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया था. अब उन जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया है. मौसम केंद्र के मुताबिक उत्तरी-पूर्वी हवाओं के चलने से मौसम में बदलाव आया है. खास बात है कि अगले तीन दिन बाद से आसमान में आंशिक बादल के भी छाने की संभावना है. उस दौरान भी न्यूनतम पारा के 10 डिग्री से ऊपर रहने का अनुमान है.

मौसम केंद्र, रांची के मुताबिक 22 नवंबर तक सुबह के वक्त हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा रह सकता है. लेकिन बाद में आसमान साफ रहेगा. लेकिन 23 नवंबर से 25 नवंबर तक सुबह के वक्त कोहरा या धुंध के बाद आसमान में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना जतायी गई है. पिछले 24 घंटों में गुमला में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है. इसी जिला में दो दिन पहले न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस तक चला गया था.

इस दौरान गोड्डा में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है. मौसम केंद्र के मुताबिक 19 नवंबर को शाम 5.30 बजे तक सबसे कम तापमान डाल्टनगंज में 11.3 डिग्री सेल्सियस, रांची में 12.4 डिग्री सेल्सियस, चाईबासा में 13.4 डिग्री सेल्सियस, बोकारो में 13.5 और जमशेदपुर में 13.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है.

लापरवाही पड़ सकती है भारी

मौसम केंद्र के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक राज्यवासियों को शीतलहर से राहत मिलेगी. फिर भी इस दौरान एहतियात बरतने की जरुरत है. सुबह धूप निकलने से पहले और शाम को सूर्य ढलने के बाद ठंड का अहसास होगा. ऐसे में बीपी के मरीज को विशेष सावधानी बरतने की जरुरत है. गर्म कपड़े नहीं पहनने पर मुसीबत खड़ी हो सकती है. फिलहाल, सर्दी का बचाव का एकमात्र उपाय है कि गर्म भोजन का सेवन करें. व्यायाम और योगा करें, ताकि ब्लड सर्कुलेशन बना रहे. साथ ही विटामिन सी से भरपूर सब्जियों और फल का सेवन करना.

Table of contents [hide]

Read more

Local News