झामुमो ने वायरल ऑडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के लिए बाबूलाल मरांडी पर पलटवार किया है.
रांची: बाबूलाल मरांडी की सोशल मीडिया पोस्ट पर झामुमो ने पलटवार किया है. झामुमो प्रवक्ता मनोज पांडेय ने बाबूलाल मरांडी को झारखंड की राजनीति का फूंका हुआ कारतूस करार दिया है. उन्होंने कहा कि न तो राज्य की राजनीति में और न ही भारतीय जनता पार्टी में उनकी कोई उपयोगिता बची है. ऐसे में खबरों में बने रहने के लिए बाबूलाल मरांडी ऐसे पैंतरेबाजी करते रहते हैं.
दरअसल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बाबूलाल मरांडी ने एक वायरल ऑडियो शेयर किया है. जिसमें दो अधिकारियों की आवाज है. इसे लेकर बाबूलाल मरांडी ने झारखंड सरकार से सवाल किया था.
इस पर मनोज पांडेय ने बाबूलाल मरांडी से सवालिया लहजे में पूछा कि AI के जमाने में जिस ऑडियो क्लिप की विश्वसनीयता ही अभी सवालों के घेरे में है, उसे पोस्ट करके बाबूलाल मरांडी क्या कहना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी जैसे वरिष्ठ राजनेता द्वारा ऐसे पोस्ट से जाहिर है कि वह राज्य के ब्यूरोक्रेट्स को अपमानित करना चाहते हैं और उनके मनोबल को तोड़ना चाहते हैं. बाबूलाल मरांडी को बताना चाहिए कि वह क्यों राज्य के नौकरशाही को बदनाम करना चाहते हैं.
झामुमो प्रवक्ता ने यह भी कहा कि बाबूलाल मरांडी को यह बताना चाहिए कि वह किसके इशारे पर यह खेल खेल रहे हैं. मनोज पांडेय ने कहा कि जनता ने अब उनकी बातों पर भरोसा करना छोड़ दिया है. बाबूलाल मरांडी के लिए ज्यादा अच्छा यह रहता कि वह अपने चौकड़ी के काले कारनामे की जानकारी राज्य की जनता को देते.


