Thursday, February 19, 2026

जेईई मेन 2026 में सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के विद्यार्थियों ने बेहतर प्रदर्शन किया है.

Share

रांचीः झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस योजना एक बार फिर सफल साबित हुई है. वर्ष 2026 की जेईई मेन परीक्षा में इन विद्यालयों के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न केवल राज्य बल्कि पूरे देश में झारखंड की शैक्षणिक पहचान को मजबूत किया है.

राज्य के विभिन्न जिलों में संचालित मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षा में बेहतरीन एनटीए स्कोर हासिल किया है. जामताड़ा के साहिल सिन्हा ने 97.65 प्रतिशत एनटीए स्कोर प्राप्त कर टॉप किया है. वहीं धनबाद के अंकित कुमार ने 97.61 प्रतिशत, हजारीबाग के निखिल कुमार ने 95.37 प्रतिशत, देवघर के वैभव सिंह ने 93.56 प्रतिशत, गिरिडीह के अनीश शर्मा ने 93 प्रतिशत और बोकारो के अंब्रीष राजशेखर ने 91.79 प्रतिशत स्कोर हासिल कर उल्लेखनीय सफलता दर्ज की है.

जिलावार 35 छात्र-छात्राओं की लिस्ट जारी

इसके अलावा गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, गढ़वा, पूर्वी सिंहभूम और कोडरमा सहित कई जिलों के विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक एनटीए स्कोर प्राप्त कर यह साबित किया है कि झारखंड के सरकारी स्कूलों के छात्र भी राष्ट्रीय स्तर पर किसी से कम नहीं हैं. खास बात है कि विभाग ने अच्छा एनटीए स्कोर करने वाले 35 छात्र-छात्राओं का नाम एनटीए स्कोर के साथ साझा किया है. लेकिन आश्चर्य की बात है कि इस लिस्ट में रांची के किसी भी सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के छात्र का नाम नहीं है.

सीएम और विभागीय अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं

शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह सफलता राज्य सरकार की दूरदर्शी शिक्षा नीति, आधुनिक शिक्षण पद्धति, अंग्रेजी माध्यम में गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई, अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन और जेईई/नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उपलब्ध कराए जा रहे विशेष प्रशिक्षण का परिणाम है. सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में विद्यार्थियों को स्मार्ट क्लास, आधुनिक प्रयोगशालाएं और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए विशेष अकादमिक सहयोग दिया जा रहा है.

इस उपलब्धि पर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह और झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के निदेशक शशि रंजन ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.

Read more

Local News