Wednesday, March 18, 2026

जुगसलाई नगर परिषद में हो रहे चुनाव में भाजपा नेता की पत्नी ने नामांकन वापस लिया, अब भाजपा समर्थित प्रत्याशी रिंकू सिंह को समर्थन देंगी.

Share

जमशेदपुरः जुगसलाई नगर परिषद में हो रहे चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी को नई ताकत मिली है, क्षेत्र से चुनाव लड़ने वाली भाजपा नेता की पत्नी ने नामांकन के बाद चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया और भाजपा समर्थित महिला प्रत्याशी को सहयोग देने का संकल्प लिया.

इधर अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी रिंकू सिंह को भाजपा ने अपना समर्थन दिया है जो गुड्डू सिंह की पत्नी हैं. वहीं दूसरी तरफ क्षेत्र में ही भाजपा नेता पप्पू सिंह की पत्नी नूतन सिंह ने भी चुनावी मैदान में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया था. कई जिलों में हो रहे निकाय चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी को लेकर उन्हीं के खेमे में नाराजगी देखी जा रही है.

ध्यान देने वाली बात यह है कि जुगसलाई में झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान की पत्नी नौशीन खान भी चुनावी मैदान में है. भाजपा अध्यक्ष पद की दावेदारी खोना नहीं चाहती है. जिला BJP नेताओं ने रणनीति बनाकर अध्यक्ष पद की उम्मीदवार नूतन सिंह को चुनाव लड़ने से रोक दिया. गुरुवार देर शाम BJP नेता पप्पू सिंह की पत्नी नूतन सिंह ने BJP समर्थित उम्मीदवार रिंकू सिंह का समर्थन करते हुए नाम वापस लेने का ऐलान किया.

भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा, भाजपा के वरिष्ठ नेता अभय सिंह और अनिल मोदी के अलावा कई बड़े नेता जुगसलाई में पप्पू सिंह के कार्यालय पहुंचे, जहां भाजपा समर्थित प्रत्याशी रिंकू सिंह पहुंची और नूतन सिंह से आशीर्वाद लिया और शॉल ओढ़ाकर उन्हें सम्मानित किया. नूतन सिंह ने भी रिंकू सिंह को सम्मानित कर विजयश्री का आशीर्वाद देते हुए हर तरह से सहयोग के प्रति आश्वासन दिया.

मौके पर भाजपा के नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने बताया कि चुनाव में उम्मीदवारी के लिए कई लोगों ने आवेदन किया था. नूतन सिंह और उनके पति पप्पू सिंह की भी अच्छी तैयारी थी. लेकिन पार्टी ने समर्थित प्रत्याशी रिंकू सिंह को बनाने का निर्णय लिया. पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के निर्देश का सम्मान करते हुए नूतन सिंह और पप्पू सिंह ने रिंकू सिंह को सहर्ष समर्थन देने का निर्णय लिया.

मौके पर नूतन सिंह ने कहा कि उन्होंने पार्टी और समाज के निर्देश का पालन किया है. कहा मुझे खुशी है कि मेरी बहन रिंकू को जनता का पूरा समर्थन मिल रहा है. मैं हर कदम पर उनका साथ दूंगी और जुगसलाई के विकास में साथ खड़ी रहूंगी. उन्होंने कहा कि अपनों के लिए त्याग तो करना ही पड़ता है.

जुगसलाई को बदलने की बड़ी बहन से प्रेरणा मिलेगीः प्रत्याशी रिंकू सिंह

वहीं अध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित प्रत्याशी रिंकू सिंह ने कहा कि बड़ी बहन का आशीर्वाद मिला साथ ही हिम्मत और आगे बढ़ने के प्रेरणा भी मिलेगी. कहा मुझे पूरा विश्वास था कि इनका आशीर्वाद मिलेगा. इससे मुझे आगे बढ़ने और जुगसलाई को बदलने की हिम्मत और प्रेरणा मिलेगी.

Read more

Local News