जामताड़ा: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है और चेतावनी दी है. मंत्री इरफान ने कहा कि अगर केंद्र सरकार राज्य को बकाया पैसा नहीं देती है तो झारखंड से खनिज-संपदा जाने से रोक देंगे. साथ ही मंत्री ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अपमानित करने का भी आरोप लगाया है.
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि यदि हमें केंद्र सरकार से पैसा नहीं मिलेगा तो हम भी झारखंड से खनिज-संपदा जाने से रोक देंगे. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्य का बकाया पैसा देना नहीं चाहती है. मंत्री ने कहा कि झारखंड बीजेपी शासित राज्य नहीं है, इसलिए केंद्र सरकार ध्यान नहीं देती है. इरफान अंसारी ने भाजपा पर झारखंड में विकास का काम नहीं होने देने का आरोप लगाते हुए विकास में सबसे बड़ा बाधक बताया है.
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड में हेमंत सरकार विकास का काम कर रही है. अपने स्रोतों के पैसा से विकास कर रही है, लेकिन भाजपा को यह भा नहीं रहा है. उन्होंने भाजपा को आदिवासी और अल्पसंख्यक विरोधी भी बताया है.
जेपी नड्डा पर सीएम को अपमानित करने का आरोप
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने झारखंड के देवघर दौरे पर आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अपमानित करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने झारखंड में आकर उनके मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अपमानित करने का काम किया है. इरफान अंसारी ने हेमंत सोरेन को आदिवासी का विश्व का सबसे बड़ा चेहरा बताया है.
आपको बता दें कि झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी अपने विधानसभा क्षेत्र में दक्षिण बहाल पुल के डायवर्सन निर्माण कार्य का शिलान्यास करने पहुंचे थे. इस मौके पर मीडिया से मंत्री इरफान अंसारी मुखातिब हुए.


