जमशेदपुर में सीएचओ पर जानलेवा हमला मामले को स्वास्थ्य मंत्री ने गंभीरता से लिया है. सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
राची’: जमशेदपुर के रूहीडीह स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर की सीएचओ (कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर) ज्योति महतो पर स्वास्थ्य केंद्र में अपराधियों द्वारा किए गए जानलेवा हमले को स्वास्थ्य मंत्री ने दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है. उन्होंने पूरे मामले में घटना के आरोपियों की शिनाख्त कर जल्द कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश जमशेदपुर पुलिस को दिया है.
सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी ज्योति महतो पर हुए जानलेवा हमले के मामले में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने संज्ञान लेते हुए गंभीर रूप से घायल CHO का समुचित इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश भी जमशेदपुर सिविल सर्जन को दिया है. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कहा कि यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता.
मंत्री ने स्पष्ट किया कि पूरा स्वास्थ्य विभाग पीड़िता और उसके परिवार के साथ खड़ा है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी. उन्होंने आश्वासन दिया कि जिसने भी इस तरह की घटना को अंजाम दिया है, उसे छोड़ा नहीं जाएगा. पुलिस दोषी व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की करेगी ताकि पीड़ित को न्याय मिले.
उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए भी विभाग के स्तर पर अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे. सरकार इस मामले में पूरी संवेदनशीलता के साथ कदम उठा रही है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है.
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार 17 अप्रैल की सुबह जमशेदपुर के MGM थाना क्षेत्र के रुहीडीह स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर की सीएचओ ज्योति महतो के ऊपर स्वास्थ्य केंद्र में ही गैंता से हमला किया गया था. हमले में वो गंभीर रूप से घायल हो गई.
उन्हें गंभीर स्थिति में एमजीएम हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां प्रारंभिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए टीएमएच भेज दिया. अभी ज्योति महतो का इलाज टीएमएच के सीसीयू में चल रहा है. सिर पर तीन जगह गंभीर चोटें आने की वजह से अभी भी ज्योति की स्थिति क्रिटिकल बनी हुई है.
सीएचओ ज्योति महतो पर सेंटर में ही अज्ञात लोगों द्वारा जानलेवा हमले से आहत झारखंड सीएचओ एसोसिएशन ने दुख जताया है. आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए सोशल मीडिया एक्स पर जस्टिस फॉर ज्योति और है जस्टिस फॉर सीएचओ कैंपेन शुरू किया है.
![]()


