जमशेदपुरः लौहनगरी जमशेदपुर में कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी एमजीएम अस्पताल के जूनियर डॉक्टरों की बेमियादी हड़ताल स्थगित हो गयी है. जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष ने बताया कि क्षेत्र के विधायक की पहल पर स्वास्थ्य मंत्री से वार्ता के बाद जूनियर डॉक्टर काम पर लौटे हैं.
सोमवार देर शाम विधायक सरयू राय की पहल पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के आश्वासन के बाद हड़ताल स्थगित हुआ है. बता दें कि स्टाइपेंड बढ़ाने की वर्षों पुरानी मांग को लेकर जूनियर डॉक्टर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए थे. हड़ताल का सीधा असर मरीजों पर पड़ा, ओपीडी सेवाएं लगभग ठप हो गईं और कई विभागों में इलाज की रफ्तार धीमी पड़ गई. जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
जूनियर डाक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष सचिन सेठ ने बताया कि यह हड़ताल अचानक नहीं हुई हैय. बीते कई वर्षों से जूनियर डॉक्टर्स अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठा रहे थे. पहले काला बिल्ला लगाकर विरोध किया गया जब उनकी मांगों की अनदेखी हुई तो मजबूर होकर हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा.
उन्होंने बताया कि मरीजों की बढ़ती परेशानी को देखते हुए जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से फोन पर बातचीत की. मंत्री ने आश्वासन दिया कि रांची लौटते ही वो इस मामले को प्राथमिकता से देखेंगे और समाधान निकालने का पूरा प्रयास करेंगे. इसके बाद जूनियर डाक्टरों ने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया, जिससे अस्पताल की सेवाएं धीरे-धीरे सामान्य होने लगी है.


