नई दिल्ली: जनवरी महीने में गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) में निवेशकों की रुचि में जबरदस्त उछाल देखने को मिला. भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने और सोने की कीमतों में तेजी के बीच गोल्ड ईटीएफ में निवेश बढ़कर 24,040 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो दिसंबर में दर्ज 11,647 करोड़ रुपये के निवेश से दोगुना से भी अधिक है. यह जानकारी मंगलवार को जारी एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एएमएफआई) के आंकड़ों से सामने आई.
इक्विटी फंड से आगे निकला गोल्ड ईटीएफ
पहली बार गोल्ड ईटीएफ में आया निवेश इक्विटी म्यूचुअल फंड से थोड़ा अधिक रहा. जनवरी में इक्विटी म्यूचुअल फंड में 24,028.6 करोड़ रुपये का निवेश दर्ज किया गया, जबकि गोल्ड ईटीएफ में इससे थोड़ा ज्यादा निवेश हुआ. इससे साफ है कि निवेशक अनिश्चित वैश्विक माहौल में सुरक्षित विकल्पों की ओर झुक रहे हैं.
बेहतर रिटर्न और सुरक्षित निवेश की चाह
द वेल्थ कंपनी म्यूचुअल फंड के सीआईओ (डेब्ट) उमेश शर्मा के अनुसार, गोल्ड और सिल्वर ने बीते एक साल में अन्य प्रमुख एसेट क्लास की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है, जिसके चलते गोल्ड ईटीएफ में रिकॉर्ड निवेश देखने को मिला. वहीं, ग्रो म्यूचुअल फंड के सीईओ वरुण गुप्ता ने कहा कि यह रुझान सोने के वित्तीयकरण को दर्शाता है, जहां निवेशक अब सोने को पारंपरिक आभूषण के बजाय एक निवेश विकल्प के रूप में देख रहे हैं.
पोर्टफोलियो में अहम भूमिका निभा रहा सोना
मॉर्निंगस्टार इन्वेस्टमेंट रिसर्च इंडिया की सीनियर एनालिस्ट नेहल मेश्राम के मुताबिक, निवेशकों का रुख अब सोने को केवल अस्थायी निवेश नहीं बल्कि पोर्टफोलियो का एक स्थायी और जरूरी हिस्सा मानने की ओर बढ़ रहा है. बाजार में उतार-चढ़ाव के बाद साल की शुरुआत में निवेशकों ने अपने पोर्टफोलियो का पुनर्संतुलन किया और जोखिम से बचाव के लिए गोल्ड ईटीएफ को प्राथमिकता दी.
वित्त वर्ष में 61 हजार करोड़ रुपये का निवेश
नए निवेश के साथ चालू वित्त वर्ष में गोल्ड ईटीएफ में कुल निवेश करीब 61,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. सोना और चांदी की कीमतों में हालिया तेजी के चलते निवेशक कीमती धातुओं में विविध निवेश के विकल्प तलाश रहे हैं.
इक्विटी अब भी दीर्घकालिक पसंद
आदित्य बिड़ला सन लाइफ एएमसी के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ ए बालासुब्रमण्यम ने कहा कि भले ही फिलहाल सोने में निवेश बढ़ा हो, लेकिन लंबी अवधि में संपत्ति निर्माण के लिए इक्विटी निवेशकों की पहली पसंद बना रहेगा. उल्लेखनीय है कि पिछले महीने सोने की कीमतें अपने सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई थीं, जहां यह 1.8 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया.
एयूएम में मजबूत बढ़ोतरी
लगातार हो रहे निवेश के चलते जनवरी के अंत तक गोल्ड ईटीएफ का प्रबंधनाधीन संपत्ति (एयूएम) बढ़कर 1.84 लाख करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 1.28 लाख करोड़ रुपये था. एएमएफआई के सीईओ वेंकट एन चालसानी ने कहा कि गोल्ड और सिल्वर ईटीएफ में संतुलित निवेश से निवेशकों का विविधीकरण और पोर्टफोलियो स्थिरता पर फोकस साफ झलकता है.
अन्य ईटीएफ में भी बढ़ी भागीदारी
गोल्ड ईटीएफ के अलावा थीमैटिक और इंडेक्स आधारित अन्य ईटीएफ में भी निवेश बढ़ा. जनवरी में इन ईटीएफ में 15,006 करोड़ रुपये का निवेश हुआ, जबकि दिसंबर में यह आंकड़ा 13,199 करोड़ रुपये था.


