Saturday, March 14, 2026

चोरों ने घर में घुसकर 20 लाख की संपत्ति चुराई और विरोध करने पर उनकी पत्नी की हत्या कर दी।

Share

औरंगाबाद। दुर्गा पूजा की नवमी की रात गोह थाना क्षेत्र के मीरपुर के प्रयाग बिगहा गांव में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। रामाधार यादव के घर में घुसे चोरों ने करीब 20 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया और विरोध करने पर उनकी पत्नी अंजनी देवी (60) की निर्मम हत्या कर दी। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और सीढ़ियों से उतरकर सीधे उस कमरे में पहुंचे, जहां गोदरेज रखा था। उसमें रखे सोने-चांदी के गहने और कीमती सामान निकाल लिए। आशंका है कि अंजनी देवी ने चोर को पहचान लिया था, इसी कारण उनकी चाकू और ईंट-पत्थर से हत्या कर दी गई।

खून से लथपथ मिली महिला

वारदात के बाद चोर मुख्य दरवाजे से बाहर निकले और बाहर से कुंडी लगाकर फरार हो गए।सुबह करीब पांच बजे जब रामाधार यादव जागे तो बाहर का दरवाजा बंद पाया। पड़ोसी की मदद से दरवाजा खुलवाया गया। कमरे में पहुंचने पर उन्होंने अपनी पत्नी को खून से लथपथ बिस्तर पर मृत पाया। सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह दलबल के साथ पहुंचे। बाद में एसडीपीओ अशोक कुमार दास भी घटनास्थल पर पहुंचे। वैज्ञानिक अनुसंधान टीम (SFL) और डॉग स्क्वायड को जांच के लिए लगाया गया है।

एसडीपीओ अशोक कुमार दास ने कहा कि कई एंगल से जांच की जा रही है और अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

घटना की जानकारी मिलते ही मृतका की बहू बिभा कुमारी और बेटी उषा दौड़कर घर पहुंचीं। दोनों का रो-रोकर बुरा हाल था। बहू बिभा बिलखते हुए बार-बार कह रही थी – “ए मम्मी, अब हमरा के देखतव कौन…!” उसकी यह चीत्कार सुनकर वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गईं।

उधर बेटी उषा भी मां की लाश से लिपटकर फफक-फफक कर रोती रही। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया और माहौल गमगीन हो उठा।

Read more

Local News