साहिबगंज: तीनपहाड़ थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर चोरी के 97 मोबाइल के साथ एक युवक को धमधमियां रेलवे स्टेशन के सामने से गिरफ्तार किया है. युवक का नाम विक्रम कुमार है और वह तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के लालबन गांव का निवासी है. गिरफ्तारी की पुष्टि राजमहल डीएसपी विमलेश त्रिपाठी ने की है. डीएसपी ने बताया कि जब्त चोरी के मोबाइल की कीमत लगभग 60 लाख से अधिक आंकी गई है.
डीएसपी ने बताया कि साहिबगंज एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि तीनपहाड़ थाना क्षेत्र का एक युवक भारी मात्र में चोरी के मोबाइल को बेचने की फिराक में है. यह जानकारी मिलते ही एसपी ने तत्काल युवक को पकड़ने के लिए राजमहल डीएसपी के नेतृत्व में एक टीम गठित की. टीम में इंस्पेक्टर शयाम लाल हांसदा, प्रशिक्षु डीएसपी रुपक कुमार, तीनपहाड़ थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार पांडे, तालझारी थाना प्रभारी नितेश पांडेय, एसआई महेंद्र कुमार सहित थाना के बल शामिल थे.
गुप्त सूचना पर पुलिस की विशेष टीम धमधमियां रेलवे स्टेशन के पास पहुंची, जहां एक युवक बैग और झोला लेकर खड़ा था. संदेह होने पर पुलिस ने युवक के बैग और झोले की तलाशी ली. जिसमें चोरी के कई मोबाइल बरामद किए गए. इसके बाद पुलिस ने तत्काल युवक को गिरफ्तार कर लिया और थाना में लाकर पूछताछ की. जिसमें आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है.
डीएसपी ने बताया कि पूछताछ में उक्त युवक कई गहरे राज का खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि बहुत जल्द ही चोरी के मोबाइल बेचने और खरीदने वाले अन्य आरोपी भी पकड़े जाएंगे.


