Friday, March 20, 2026

चतरा में आवास दिलाने का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में मुखिया के खिलाफ ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर गिरफ्तारी की मांग की है.

Share

चतरा: सदर थाना क्षेत्र में एक मुखिया विजय सिंह पर एक महिला से दुष्कर्म करने का आरोप लगा है. आरोप है कि मुखिया विजय सिंह ने आवास दिलाने का झांसा देकर महिला को फंसाया और देर रात उसके घर में घुसकर जबरन दुष्कर्म किया. इस घटना के बाद पीड़िता और उसका परिवार गहरे सदमे में है. पीड़िता न्याय के लिए लगातार गुहार लगा रहा है. पीड़िता ने घटना के तुरंत बाद एक महीने पहले ही संबंधित अधिकारियों को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई थी.

पीड़िता ने पूरी घटना का विवरण देते हुए आरोपी मुखिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन एक महीना बीत जाने के बाद भी इस संवेदनशील मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. प्रशासन की तरफ से कार्रवाई न होने और आरोपी मुखिया की गिरफ्तारी न होने से नाराज भुइयां समाज के लोग शनिवार को एकजुट हुए और सड़क पर प्रदर्शन करते हुए डीसी कार्यालय का घेराव किया. प्रदर्शनकारियों ने आरोपी मुखिया की तुरंत गिरफ्तारी की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की.

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जाता, वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि राजनीतिक दबाव या अन्य किसी कारण से मुखिया को बचाया जा रहा है, जिससे न्याय मिलने में देरी हो रही है. घेराव के दौरान स्थिति को नियंत्रित करने और प्रदर्शनकारियों को शांत कराने के लिए प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. सीओ, सदर थाना प्रभारी विपिन कुमार, एसडीओ जहूर आलम और डीएसपी अनीता लकड़ा ने मोर्चा संभाला. अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बात कर उन्हें शांत करने का प्रयास किया.

इस मौके पर एसडीओ जहूर आलम ने मीडिया और प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए आश्वासन दिया कि पूरे मामले में गहनता से जांच चल रही है. किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. एसडीओ ने कहा कि सत्य पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी. डीएसपी अनीता लकड़ा ने भी भरोसा दिलाया कि पुलिस मामले की गंभीरता को समझ रही है और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी.

Read more

Local News