Thursday, March 26, 2026

घाटशिला उपचुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने पूरी तैयारी कर ली है.

Share

रांची: घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर सभी प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गई है. कल यानी 11 नवंबर को घाटशिला की जनता चुनाव मैदान में खड़े 13 प्रत्याशियों की किस्मत तय करेगी. मतदान सुबह सात बजे से अपराह्न 5 बजे तक होगा, जिसमें 2,56,352 मतदाता आयोग द्वारा गठित 300 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करते नजर आयेंगे. घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में पुरुषों की अपेक्षा महिला वोटर की संख्या अधिक है.

चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, इस विधानसभा क्षेत्र में पुरुष मतदाताओं की संख्या 1,25,114 एवं 1,31,235 महिला मतदाता हैं. पीडब्ल्यूडी वोटर की संख्या 2,738 है जबकि तीन ट्रांसजेंडर वोटर हैं. चुनाव आयोग ने इस उपचुनाव के लिए 231 लोकेशन में 300 मतदान केंद्र बनाए हैं. शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए चुनाव आयोग ने व्यापक प्रबंध किया है.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी केरवि कुमार के अनुसार, सभी बूथों से वेबकास्टिंग होगा जिसके लिए मतदान केंद्र के अंदर-बाहर कैमरे लगाए गए हैं. वेबकास्टिंग के जरिए भारत निर्वाचन आयोग, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय और जिला स्तर पर मतदान की मॉनिटरिंग की जाएगी.

उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण चुनाव को लेकर केंद्रीय बलों के अलावा राज्य पुलिस की तैनाती की गई है. उन्होंने कहा कि पूर्व में यह क्षेत्र नक्सल प्रभावित रहा है. वर्तमान में कोई विशेष परेशानी नहीं है, इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता किया गया है. जिससे कोई परेशानी ना हो. सीमावर्ती राज्य ओडिशा और प.बंगाल के बॉर्डर को सील किया जा चुका है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के अनुसार, पोलिंग पार्टी मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो चुके हैं और देर शाम तक सभी अपने-अपने बूथों पर पहुंच जायेंगे.

  • घाटशिला के चुनावी जंग में 13 प्रत्याशी का किस्मत होगा तय
  • मतदान सुबह 7 बजे से अपराह्न 5 बजे तक होगा
  • 231 लोकेशन में 300 मतदान केन्द्र पर 2,56,352 मतदाता डालेंगे वोट
  • बूथों से वेबकास्टिंग होगा जिसके लिए मतदान केन्द्र के अंदर-बाहर कैमरे लगाए गए
  • शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव के लिए केन्द्रीय बलों के साथ राज्य पुलिस की तैनाती
  • ओडिशा और प.बंगाल बॉर्डर को किया गया सील

बूथ के अंदर प्रत्याशी के प्रतिनिधि के सिवा किसी को अनुमति नहीं

शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए, चुनाव आयोग ने उम्मीदवार के प्रतिनिधि के अलावा किसी अन्य को मतदान केंद्र के अंदर मौजूद रहने पर रोक लगा दी है. मतदान केंद्र पर मतदाता पहचान पत्र के बाद, केवल संबंधित मतदाता ही ईवीएम के पास मौजूद रहेगा. आयोग ने उम्मीदवारों के मतदान केंद्रों पर आने-जाने के दौरान वाहनों के उपयोग और मतदान केंद्रों पर भीड़भाड़ को रोकने के संबंध में भी दिशानिर्देश जारी किए हैं.

इस उपचुनाव में 13 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं. चुनाव मैदान में ये उम्मीदवार हैं: परमेश्वर टुडू, निर्दलीय; श्रीलाल किस्कू, निर्दलीय; बाबूलाल सोरेन, भाजपा; सोमेश चंद्र सोरेन, झामुमो; पार्वती हांसदा, पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक); मनसा राम हांसदा, निर्दलीय; नारायण सिंह, निर्दलीय; विकास हेम्ब्रम, निर्दलीय; पंचानन सोरेन, भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी); बसंत कुमार टोपनो, निर्दलीय; रामदास मुर्मू, जेएलकेएम; मनोज कुमार सिंह, निर्दलीय; और रामकृष्ण कांति महाली, निर्दलीय.

Read more

Local News