मशहूर फिल्म मेकर रोहित शेट्टी इन दिनों अपने आने वाले प्रोजेक्ट को लेकर सुर्खियों में हैं. इन प्रोजेक्ट में से सबसे ज्यादा चर्चा गोलमाल 5 की है. कई मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया है कि रोहित शेट्टी की गोलमाल 5 पुरानी फिल्म दो और दो पांच से इंस्पायर है. बढ़ती अफवाहों को देखते हुए अब रोहित शेट्टी ने चुप्पी तोड़ी है और इन अफवाहों का खंडन करते हुए एक ऑफिशियल स्टेटमेंट जारी किया है.
रोहित शेट्टी पिक्चर्स की टीम ने इन अफवाहों को लेकर सभी पब्लिकेशन, पोर्टल और डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए एक स्टेटमेंट जारी किया है, जिसमें उन्होंने इन अफवाहों को लेकर सफाई दी है. साथ ही, सभी पोर्टल और डिजिटल प्लेटफॉर्म से खबर को जल्द से जल्द ठीक करने का अनुरोध भी किया है.
टीम ने स्टेटमेंट में लिखा है, ‘हम ऑनलाइन और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर चल रहीं कुछ खबरों के बारे में सफाई देना चाहते हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि गोलमाल 5 फिल्म ‘दो और दो पांच’ से इंस्पायर्ड है या उस पर आधारित है. हम साफ तौर पर बताते हैं कि ये खबरें तथ्यात्मक रूप से गलत, गुमराह करने वाली और पूरी तरह से झूठी हैं. हम सभी मीडिया हाउस, पब्लिकेशन, पोर्टल और डिजिटल प्लेटफॉर्म से अनुरोध करते हैं कि वे बिना वेरिफाई की हुई जानकारी प्रकाशित या प्रसारित न करें.’
गलत खबर या अफवाहों को चेतावनी देते हुए टीम ने स्टेटमेंट में आगे लिखा है, रोहित शेट्टी या गोलमाल 5 से संबंधित कोई भी खबर, अपडेट या स्पष्टीकरण प्रकाशन से पहले हमसे या आधिकारिक पीआर टीम – यूनिवर्सल कम्युनिकेशंस से वेरिफाई किया जाना चाहिए, वरना सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. हम पत्रकारिता की सटीकता और जिम्मेदारी बनाए रखने में आपके सहयोग की उम्मीद करते हैं. हम यह भी अनुरोध करते हैं कि अभी चल रही गलत खबरों को जल्द से जल्द ठीक किया जाए या हटा दिया जाए.’
2006 में रोहित शेट्टी ने ‘गोलमाल: फन अनलिमिटेड’ के साथ अपनी कॉमेडी स्टोरी से जलवा दिखाया था. अजय देवगन, शरमन जोशी, अरशद वारसी और तुषार कपूर की मजेदार कॉमेडी ने इस फिल्म को पॉपुलर बनाया, जिसे आज भी रोहित शेट्टी के बेहतरीन कामों में से एक माना जाता है. इस फिल्म में परेश रावल और रिमी सेन भी थे.
इस फिल्म की सफलता ने रोहित को दूसरा, तीसरा और चौथा पार्ट बनाने के लिए मजबूर किया था. करीना कपूर खान, कुणाल खेमू, अमृता अरोड़ा, परिणीति चोपड़ा और तब्बू जैसे कलाकार भी रोहित की कॉमेडी फ्रेंचाइजी का हिस्सा बन चुके हैं.
चारों पार्ट की सक्सेस के बाद, रोहित शेट्टी फिल्म की 5वीं इंस्टॉलमेंट लेकर आ रहे हैं. वह बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन, अरशद वारसी, तुषार कपूर, कुणाल खेमू और श्रेयस तलपड़े के साथ गोलमाल 5 में वापसी करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.


