गोरखपुर सांसद रवि किशन शुक्ला को जान से मारने की धमकी मिली है. धमकी देने वाला खुद को बिहार के आरा जिले के जवनिया गांव का निवासी अजय कुमार यादव बता रहा है. यह धमकी अजय यादव ने रवि किशन के निजी सचिव शिवम द्विवेदी को फोन करके दिया है. इस दौरान उसने अभद्र भाषा का भी प्रयोग किया है.
फोन करने वाले ने खुली धमकी दी कि “रवि किशन यादवों पर टिप्पणी करते हैं, इसलिए मैं उन्हें गोली मार दूँगा”. धमकी देने वाले की फोन कॉल को रवि किशन के निजी सचिव ने रिकॉर्ड कर लिया है. धमकी देने वाला कह भी रहा है कि मेरी आवाज रिकॉर्ड करो. मैं तुमसे गोरखपुर आकर आवास पर मिल लूंगा. रवि किशन बिहार में आएंगे तो उन्हें गोली मार दूंगा.
सांसद के निजी सचिव शिवम द्विवेदी ने इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है. साथ ही इस घटना की पूरी जानकारी उन्होंने एक विज्ञप्ति के जरिए मीडिया को दी है. रवि किशन के निजी सचिव ने कहा कि उन्होंने धमकी देने वाले से कहा कि सांसद ने कभी भी किसी समुदाय के खिलाफ कोई आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं की है. इस पर फोन करने वाला अजय यादव भड़क उठा और सांसद व उन्हें गालियां देने लगा. उसने यहां तक कहा कि “मुझे तुम्हारी हर गतिविधि की जानकारी है, जब चार दिन बाद बिहार आओगे तो जान से मार दूंगा.”
आरोपी अजय यादव ने बातचीत के दौरान भोजपुरी गायक खेसारी लाल यादव के उस बयान का समर्थन किया, जिसमें उन्होंने राम मंदिर की जगह अपस्ताल बनाने की बात कही थी. आरोपी ने इस दौरान भगवान श्रीराम और राम मंदिर को लेकर भी आपत्तिजनक शब्द कहे. फोन कॉल की इस घटना के बाद सांसद के निजी सचिव शिवम द्विवेदी और पवन दुबे ने गोरखपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाक़ात कर लिखित शिकायत दी है. ज्ञापन में सांसद की सुरक्षा बढ़ाने और धमकी देने वाले युवक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई है.
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि सांसद रवि किशन को मिली धमकी के संबंध में उनके निजी सचिव द्वारा मिली तहरीर के आधार पर थाना रामगढ़ ताल में एफआईआर दर्ज की जा रही है.


