गुरुग्राम: सेक्टर-57 में गुरुवार सुबह एक ऐसी घटना घटी, जिसने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया. स्टेट लेवल टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की उनके पिता दीपक यादव ने गोली मारकर हत्या कर दी. ये वारदात सुबह करीब 10:30 बजे हुई, जब राधिका अपने घर की पहली मंजिल पर रसोई में काम कर रही थी. इस हत्याकांड की वजह इतनी चौंकाने वाली है कि इसे सुनकर हर कोई स्तब्ध है.
- सोशल मीडिया और एकेडमी से थी नाराजगी: राधिका यादव टेनिस एकेडमी चलाती थी. वो सोशल मीडिया पर रील्स डालती रहती थी. यही चीज उनके पिता दीपक को खटकती थी. उन्हें लगता था कि इससे परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंच रही है. एफआईआर के मुताबिक, जब दीपक ने राधिका से एकेडमी बंद करने को कहा, तो उसने इंकार कर दिया. गांव वजीराबाद में दूध लेने जाने पर लोगों के ताने दीपक को और गुस्सा दिलाते थे, जिससे वह मानसिक तनाव में डूब गया.
- पिता को ताने बने हत्या की वजह? पुलिस में दर्ज एफआईआर के अनुसार, दीपक यादव ने अपराध कबूल करते हुए बताया कि गांव वाले उनकी बेटी राधिका की कमाई को लेकर ताने मारते थे. राधिका एक होनहार टेनिस खिलाड़ी थीं, जिन्होंने कई राष्ट्रीय स्तर की ट्रॉफी जीती थीं. कंधे की चोट के बाद उन्होंने खेल छोड़कर अपनी टेनिस एकेडमी शुरू की थी. लेकिन गांव वालों के ताने, “लड़की की कमाई खा रहा है,” दीपक को मानसिक रूप से तोड़ रहे थे.
- तीन गोलियों ने छीनी बेटी की जान: घटना के दिन दीपक ने अपनी लाइसेंसी 32 बोर रिवॉल्वर निकाली और राधिका की पीठ में तीन गोलियां दाग दीं. उस वक्त घर में केवल दीपक, राधिका और उनकी मां मंजू यादव मौजूद थीं. मंजू बुखार के कारण अपने कमरे में थीं और उन्हें सिर्फ गोली चलने की आवाज सुनाई दी. गोली की आवाज सुनकर दीपक का भाई कुलदीप और उसका बेटा पीयूष मौके पर पहुंचे. उन्होंने राधिका को खून से लथपथ देखा और तुरंत उसे सेक्टर-56 के ASIA MARIANGO HOSPITAL ले गए, जहां उसे मृत घोषित किया गया.
- पुलिस की जांच और सबूत: पुलिस ने घटनास्थल से रिवॉल्वर, खून के नमूने और स्वैब जब्त किए. फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम ने भी जांच की. शुरुआत में परिवार ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और कहा कि राधिका ने खुद को गोली मारी. लेकिन सख्त पूछताछ और सबूतों के आधार पर दीपक ने अपराध कबूल लिया. मंजू ने बयान देने से इंकार किया और कहा कि उन्हें कुछ पता नहीं. पुलिस ने दीपक के खिलाफ हत्या की धारा 103(1) BNS और आर्म्स एक्ट की धारा 27(3), 54-1959 के तहत मामला दर्ज किया है.
आरोपी हिरासत में, जांच जारी: फिलहाल दीपक यादव पुलिस हिरासत में है. राधिका के चाचा कुलदीप ने भी आशंका जताई थी कि हत्या दीपक ने की. पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है. यह घटना समाज में गहरे बैठे सामाजिक दबावों और परिवार के भीतर तनाव की दुखद तस्वीर पेश करती है.


