गुमला: जिले में नाबालिग से दुष्कर्म करने के मामले में तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है. गुमला सदर थाना क्षेत्र के 26 वर्षीय अनूप उरांव, 27 वर्षीय पंकज उरांव और 30 वर्षीय बलराम महतो, इन तीनों को पुलिस ने गिरफ्तार करते हुए शनिवार को जेल भेज दिया.
इस मामले पर सदर एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने जानकारी देते हुए बताया है कि गुमला थाना में 19 जुलाई को कांड संख्या 222/25 दर्ज हुआ था. जिसमें पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई. गुप्त सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर छापेमारी दल का गठन किया गया और फिर उन तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.
गिरफ्तार इन आरोपियों के पास से एक स्कूटी भी जब्त की गई है. इस मामले पर आरोपी अनूप उरांव ने बताया कि 17 जुलाई को उसने पंकज उरांव और बलराम महतो के साथ मिलकर एक नाबालिग को सुनसान में अकेला पाकर चाहा मैदान के पास ले जाकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया और उसके बाद उसे वहीं छोड़ दिया था.
छापेमारी दल में महेंद्र कुमार करमाली, उपनिरीक्षक-सह-थाना प्रभारी, गुमला, सब इंस्पेक्टर विनय कुमार महतो गुमला थाना, सब इंस्पेक्टर बबीता कुमारी, गुमला थाना, गुमला थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे.


