गुमलाः जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के कांसीर बाजार में शुक्रवार को एक धान व्यवसायी पर अज्ञात बदमाशों ने गोलियां चला दी. जिसमें वो बुरी तरह से घायल हो गया. जख्मी व्यापारी की पहचान सदर थाना क्षेत्र के तिर्रा निवासी राजकुमार साहू के रूप में हुई है. व्यापारी को दो गोलियां लगी हैं.
घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोग घायल व्यापारी को सदर अस्पताल ले गए. वहां से उसे रिम्स रेफर कर दिया गया
सूचना मिलते ही गुमला सदर एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव और थानेदार महेंद्र करमाली सदर अस्पताल पहुंचे. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तीन बाइक पर सवार नौ बदमाश लूटपाट के इरादे से आए थे. हमले के बाद वे बांसडीह घाटी की तरफ भाग गए.
4 लाख से ज्यादा की लूट
जख्मी राजकुमार साहू की पत्नी मेनका देवी ने बताया कि 4 लाख 10 हजार नगद व एक मोबाइल लूटकर अपराधी फरार हो गए. इस दौरान तीन राउंड गोली चलाई, जिसमें एक सीना को चीरते हुए पार हो गई. घटना के बाद दो बाइक पर 6 लोग फरार हो गए, जबकि तीसरी बाइक पर सवार 3 अपराधी एक बाइक छोड़कर पैदल हीं फरार हो गए.
पुलिस छानबीन में जुटी
गुमला एसपी हारिस बिन जमा ने घटना की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि पुलिस क्षेत्र में छानबीन कर रही है. बदमाशों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है


