Friday, March 13, 2026

गिरिडीह में 3 अपराधी पकड़े गए 1 एसयूवी जब्त

Share

गिरिडीहः साइबर क्राइम के खिलाफ गिरिडीह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. यह कार्रवाई गढ़वा पुलिस के द्वारा दी गई सूचना पर की गई है. मामले में तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. हालांकि चार साइबर ठग भागने में सफल रहे. पुलिस ने मौके से एक काले रंग की एसयूवी जब्त की है.

  • दरअसल, गढ़वा में कुछ माह पूर्व साइबर क्राइम हुआ था. इस कांड में शामिल मुख्य शातिर गिरिडीह के मंडाटांड़ का रहनेवाला है. गढ़वा पुलिस साइबर अपराधी को गिरफ्तार करने का लगातार प्रयास कर रही थी, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी थी. इस बीच गढ़वा पुलिस को यह जानकारी मिली कि जिस प्रदीप नामक साइबर ठग को वह खोज रही है वह काले रंग के एसयूवी में सवार होकर देवघर की तरफ जा रहा है. वाहन पर उसके गिरोह के कई सदस्य हैं, जो साइबर क्राइम को अंजाम देने वाले हैं. इसकी जानकारी गढ़वा पुलिस ने गिरिडीह पुलिस को दी. इसके बाद गिरिडीह की पुलिस एक्टिव हुई.
  • सूचना पर बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह की अगुआई में वाहन की खोजबीन शुरू की गई. गिरिडीह-देवघर पथ पर टोल प्लाजा के पास पुलिस ने जांच अभियान शुरू किया. इस बीच उक्त एसयूवी कार वहां पहुंची. पुलिस टीम ने उक्त वाहन को रोका. पुलिस को देखकर वाहन पर सवार युवक भागने लगे. भागने के दौरान तीन साइबर अपराधियों को पकड़ने में पुलिस सफल रही. पुलिस ने वाहन को भी जब्त कर लिया है.

बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि गढ़वा पुलिस की सूचना पर एसयूवी वाहन के साथ तीन युवकों को पकड़ा गया है. वाहन पर सवार अन्य चार लोग फरार हो गए हैं. मामले से गढ़वा पुलिस को अवगत करा दिया गया है. गढ़वा पुलिस की टीम गिरिडीह आ रही है.

Read more

Local News