Thursday, February 12, 2026

गिरिडीह में 12 साल के बच्चे को पुलिस ढूंढने में नाकाम रही है, जिसके बाद परिजनों ने सड़क पर प्रदर्शन किया.

Share

गिरिडीह: जिले के धनवार थाना क्षेत्र अंतर्गत मायाराम टोला से 12 वर्षीय बच्चा लापता है. बालक दो दिनों से लापता है. ऐसे में परिजन परेशान हैं. परिजनों और ग्रामीणों ने बच्चे की जल्द बरामदगी के लिए सड़क जाम किया. जाम की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाया कि पुलिस पूरी तरह से बालक को ढूंढने का प्रयास कर रही है.

क्या है मामला?

दरअसल, धनवार थाना इलाके के मायानगर टोला निवासी लक्ष्मण दास का 12 वर्षीय बेटा आयुष कुमार 10 फरवरी की शाम स्कूल से वापस घर आया था. वह घर के पीछे खेलने गया था लेकिन वापस नहीं लौटा. अंधेरा होने के बाद आयुष की खोजबीन शुरू हुई. उसके दोस्तों से बात की गई लेकिन कुछ पता नहीं चला. इसके बाद रिश्तेदारों से संपर्क किया गया लेकिन पता नहीं चल सका.

नहीं चल सका बच्चे का पता

धनवार के सभी मोहल्ले एवं आसपास के इलाकों में भी खोजबीन हुई लेकिन आयुष नहीं मिला. इसके बाद मामले की सूचना धनवार थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलने के बाद धनवार थाना प्रभारी सतेंद्र पाल के नेतृत्व में बच्चे की खोजबीन हुई. बच्चे की तस्वीर भी कई स्थानों पर भेजी गई है लेकिन कुछ पता नहीं चल सका. लापता होने के दो दिन बीत जाने के बाद परिजनों के साथ मोहल्ले के लोग सड़क पर उतर आए. लोगों ने पुलिस पर मामले को लेकर गंभीर नहीं होने का आरोप लगाया.

खोजबीन में जुटी पुलिस की अलग-अलग टीम

एसपी. डॉ बिमल कुमार ने बच्चे को जल्द से जल्द ढूंढने के निर्देश खोरी महुआ एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद के साथ थाना प्रभारी सतेंद्र पाल को दिए हैं. एसपी के निर्देश के बाद से पुलिस की अलग-अलग टीम खोजबीन में जुटी है. इसी कड़ी में फॉरेन्सिक टीम के साथ डॉग स्क्वायड भी उसी स्थान पर पहुंची, जहां बच्चे को आखिरी बार देखा गया था.

लापता बालक को खोजने के लिए पुलिस जुटी हुई है. खोजी कुत्ता को भी लाया गया है और फॉरेन्सिक टीम ने भी सबूत इकट्ठा किया है. आगे हर बिंदू पर जांच चल रही है और जल्द से जल्द बच्चे को ढूंढ लिया जाएगा: सतेंद्र पाल, थाना प्रभारी, धनवार

Read more

Local News