गिरिडीह: चार दिनों पूर्व खेलने के दरमियान गायब हुए बालक की लाश एक कुएं से बरामद की गई है. लाश मिलने के बाद से लोगों में आक्रोश है. लोगों ने टायर जलाकर सड़क जाम किया और मामले का पटाक्षेप करने की मांग की. मामला धनवार थाना इलाके के मायानगर टोला से जुड़ा हुआ है. मृतक इसी टोला के निवासी लक्ष्मण दास का 12 वर्षीय पुत्र आयुष कुमार था.
लाश नौलक्खा डैम के ठीक बगल में अवस्थित एक कुएं से बरामद की गई है. आयुष पिछले 10 फरवरी को स्कूल से घर वापस आने के बाद से लापता था. चार दिनों से परिजन और गांव के लोगों के साथ साथ पुलिस भी आयुष की तलाश कर रही थी. खोजी कुत्ता के साथ फॉरेन्सिक टीम को भी बुलाया गया, लेकिन आयुष का पता नहीं चला.
इस बीच शनिवार को आयुष के शव पर राजेंद्र नामक किसान की नजर पड़ी. दरअसल, शनिवार को गेहूं में पटवन करने के लिए राजेंद्र नाम का किसान पहुंचा था. किसान ने पटवन के लिए जैसे ही कुआं में सेक्शन डाला, वैसे ही बच्चे का शव तैरता दिखा. इसकी सूचना राजेंद्र ने पुलिस को दी. सूचना पर पुलिस के साथ बच्चे के परिजन भी पहुंचे और शव की पहचान की गई.
“लापता आयुष का शव कुएं से मिला. हत्या की आशंका को देखते हुए पूरे मामले की जांच की जा रही है. रविवार को खोजी कुत्ता के साथ फॉरेन्सिक टीम को भी लाया जाएगा.” – राजेंद्र प्रसाद, एसडीपीओ
रविवार को होगा पोस्टमार्टम
इधर, शव मिलने की जानकारी पर एसडीएम अनिमेष रंजन, एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद, थाना प्रभारी सतेंद्र पाल मौके पर पहुंचे. शव को कुएं से निकाला गया. शव निकलते ही लोग आक्रोश में आ गए. लोगों ने कहा कि हत्या करने के बाद आयुष के शव को कुएं में डाला गया. लोगों ने दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.


