आज के समय में यूरिक एसिड बढ़ने की समस्या बेहद आम हो गई है. यूरिक एसिड एक टॉक्सिन प्रोडक्ट है. यह तब बनता है जब शरीर में प्यूरीन नामक केमिकल टूटता है. प्यूरीन कुछ फूड आइटम्स में पाया जाता है. वैसे तो आमतौर पर किडनी यूरिक एसिड को फिल्टर करके शरीर से बाहर निकाल देती है. लेकिन जब यह अधिक मात्रा में बनने लगता है या जब यह शरीर से ठीक से बाहर नहीं निकल पाता है, तो यह खून में या हड्डियों के बीच क्रिस्टल के रूप में जमा होने लगता है.
इससे हड्डियों के बीच गैप बढ़ जाता है. इससे जोड़ों में दर्द, सूजन और गाउट जैसी समस्याएं होने लगती हैं. गलत खान-पान की आदतें यूरिक एसिड को बढ़ाती हैं. इसलिए कुछ खाद्य पदार्थों से परहेज करना चाहिए. हालांकि, कुछ खाद्य पदार्थों का सेवन करने से यूरिक एसिड कम हो जाता है. हाल ही में फेमस आयुर्वेद के डॉक्टर सलीम जैदी ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने यूरिक एसिड कम करने वाले खाद्य पदार्थों और उन्हें लेने के तरीके के बारे में बताया…
- https://www.youtube.com/embed/yxzXzsKHm6E
जौ का आटा खाना बेहतर
आयुर्वेदिक डॉक्टर सलीम जैदी कहते हैं, अगर आपको हाई यूरिक गेहूं के आटे की बजाय जौ का आटा खाना बेहतर है. जौ के आटे में फाइबर और मिनरल्स ज्यादा होते हैं. यह शरीर को हल्का रखता है. यह प्यूरीन लेवल को भी नियंत्रित रखता है. इससे यूरिक एसिड प्राकृतिक रूप से कम होने लगेगा. आप जौ के आटे की रोटी बनाकर खा सकते हैं. इसके साथ ही, आप जौ का दलिया, जौ का सत्तू और जौ का पानी भी अपने आहार में शामिल कर सकते हैं. डॉक्टर के अनुसार, अगर आप जौ के दानों का विभिन्न रूपों में सेवन करते हैं, तो यूरिक एसिड कम होगा और जोड़ों के दर्द से राहत मिलेगी.
तोरी की सब्जी
तोरी एक ऐसी सब्जी है जो शरीर को ठंडक पहुंचाती है. आयुर्वेदिक डॉक्टर्स का कहना है कि तोरी में एंटी-इंफ्लेमेटरी और डिटॉक्सीफाइंग गुण होते हैं. ये गुण शरीर से यूरिक एसिड को बाहर निकालने में मदद करते हैं. तोरी किडनी की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाती है. यूरिक एसिड के स्तर को कम करती है. तोरी में पानी की मात्रा अधिक होती है. ये शरीर को हाइड्रेटेड रखने में मदद करता है. तोरी को जूस के रूप में लेने से अच्छे रिजल्ट मिलते हैं. इसके लिए तोरी को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. इसके साथ ही अदरक के एक छोटे टुकड़े को जूसर में डालकर जूस निकाल लें. आप इसे छानकर स्वादानुसार काला नमक और नींबू का रस मिलाकर पी सकते हैं.

खीरे का सेवन जरूर करें
खीरे में पानी की मात्रा ज्यादा होती है. इसके अलावा, खीरे में मौजूद विटामिन बी1, विटामिन ए, फाइबर, पोटैशियम, आयरन और मैग्नीशियम शरीर से यूरिक एसिड और विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में फायदेमंद होते हैं. खीरा किडनी को साफ रखने में मदद करता है. डॉ. सलीम जैदी कहते हैं कि अगर आपको यूरिक एसिड की समस्या है, तो खीरा एक अच्छा विकल्प है. इसे सलाद के तौर पर लिया जा सकता है. विशेषज्ञ कहते हैं कि चाहें तो खीरे का जूस बनाकर पीने से अच्छे परिणाम मिलते हैं.
विटामिन सी हाई यूरिक एसिड को कम करने में कारगर
डॉ. जैदी के अनुसार, यूरिक एसिड का स्तर बढ़ने पर विटामिन सी से भरपूर फल खाना फायदेमंद होता हैं. कई अध्ययनों से पता चला है कि विटामिन सी हाई यूरिक एसिड को लो करने में मददगार है. इसके लिए आप अमरूद, संतरा और कीवी फल खा सकते हैं. आप चाहें तो इनका जूस भी पी सकते हैं. इनमें मौजूद विटामिन सी न सिर्फ यूरिक एसिड कम करता है, बल्कि कई फायदे भी देता है. यह रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है. इससे आपको बीमारियों से लड़ने की क्षमता मिलती है
खूब पानी पीना फायदेमंद
डॉ. सलीम जैदी कहते हैं कि इन फूड आइटम्स के साथ-साथ पानी पीना भी बेहद जरूरी है. पानी पीने से शरीर से विषाक्त पदार्थ हमेशा साफ होते हैं. प्यूरीन अपशिष्ट भी पेशाब के रूप में बाहर निकलता है. दिन में कम से कम तीन से चार लीटर पानी पीना अच्छा होता है. पानी पीने से यूरिक एसिड पेशाब के रूप में शरीर से बाहर निकल जाता है. इसके अलावा, पर्याप्त पानी पीने से किडनी स्वस्थ रहती है. सलीम जैदी के अनुसार, ये खाद्य पदार्थ प्राकृतिक रूप से यूरिक एसिड को कम करते हैं. उचित आहार और नियमित दिनचर्या का पालन करके यूरिक एसिड की समस्या का समाधान किया जा सकता है.


