खूंटी: 2007 में हुए चार साल के बच्चे का अपहरण और हत्या मामले के मुख्य आरोपी को खूंटी पुलिस ने 18 साल बाद गिरफ्तार करने में सफलता पाई है. वहीं अन्य आपराधिक मामलों में कार्रवाई के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्र से कुल पांच आरोपियों को हथियार एवं कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया है.
एसपी मनीष टोप्पो ने कहा एक मासूम बच्चे के अपहरण और हत्या मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी शिशुपाल सिंह को तोरपा पुलिस ने 18 साल बाद गिरफ्तार कर लिया है. एसपी ने कहा कि यह मामला तोरपा थाना में 5 मार्च 2007 को दर्ज कांड संख्या 10/07 से जुड़ा है. हत्या के आरोपी को पुलिस ने रांची जिले के पुंदाग टीओपी क्षेत्र से गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया है.
गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से तोरपा का रहने वाला है. घटना को अंजाम देने के बाद वह पूरे परिवार के साथ पहचान छिपाकर पुंदाग ओपी क्षेत्र में रह रहा था. इस कांड में शामिल अन्य आरोपियों में बलदेव महतो, वाल्टर डाहंगा, बीरू सिंह और जावेद खान को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि शिशुपाल सिंह पिछले 18 वर्षों से फरार था. अपराधियों का मकसद दामोदर मास्टर के बेटे को फिरौती के लिए अपहरण करना था. लेकिन जब वे घटना स्थल पर पहुंचे तो वहां दो बच्चे खेल रहे थे. एक दामोदर मास्टर का बेटा और दूसरा चंद्रशेखर जायसवाल का चार वर्षीय बेटा निशांत जायसवाल था.
अपराधियों ने गलती से चंद्रशेखर जायसवाल के बेटे का अपहरण कर लिया. जिसके बाद तत्काल परिजनों ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. जिसके बाद 5 मार्च को तोरपा नगर भवन के पीछे से चंद्रशेखर जायसवाल के बेटे का शव बरामद हुआ था. अपराधियों ने चार साल के मासूम बच्चे को गला दबाकर और माथे पर कील ठोंक कर बेरहमी से हत्या की थी. पुलिस को 18 साल बाद मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ.
लूटकांड में चार गिरफ्तार
एसपी मनीष टोप्पो ने एक अन्य कांड को लेकर जानकारी देते हुए कहा कि 9 जुलाई को कर्रा थाना क्षेत्र में पिकअप वाहन को रोककर लूटने का मामला सामने आया था. जिसमें खूंटी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लूटकांड में शामिल चार लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में तोरपा अनुमंडल के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 24 वर्षीय मंगू लोहरा, 22 वर्षीय बिरसा लोहरा, 30 वर्षीय राउतु लोहरा, 19 वर्षीय भैरो लोहरा शामिल है.
वहीं एसपी ने जिले के तीसरे मामले को लेकर बताया कि रनियां थाना क्षेत्र के तोकेन भीमा टोली निवासी मंगल केरकेट्टा को एक अवैध देसी कट्टा, मैगजीन चार्जर और दस गोलियों के साथ गिरफ्तार किया गया है. इस छापेमारी टीम में तोरपा एएसपी क्रिस्टोफर केरकेट्टा, अंचल निरीक्षक जेवियर बाड़ा, रनिया थाना प्रभारी विकास कुमार जायसवाल, तोरपा थाना प्रभारी मुकेश कुमार हेमरोम, कर्रा थाना प्रभारी मनीष कुमार, तकनीकी शाखा के सहायक और सशस्त्र बल शामिल थे.


