खूंटीः जिला में एक नाबालिग लड़की के साथ यौन शोषण का मामला सामने आया है. इसकी सच्चाई जब सामने आई तो सब हैरान रह गये क्योंकि एक पिता ने ही अपनी पुत्री पर गलत निगाह रखी थी.
जानकारी के अनुसार, बच्ची खूंटी प्रखंड क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल की छात्रा है. पिता के द्वारा 12 वर्ष की मासूम बेटी के यौन शोषण का मामला स्कूल की प्रधानाध्यापिका समेत अन्य शिक्षक शिक्षिकाओं की संवदेनशीला के कारण सामने आया.
दरअसल, 26 सितंबर को जब पीड़िता स्कूल आई तो उसकी तबीयत ठीक नहीं थी. बच्ची की हालत देखने के बाद प्रधानाध्यापिका समेत स्कूल के अन्य शिक्षक शिक्षकाओं को संदेह हुआ. शिक्षिकाएं बच्ची को एक कमरे में ले गईं और उससे बातचीत की. इसके बाद बच्ची ने शिक्षिकाओं को बताया कि 25 सितंबर की रात उसके पिता द्वारा की गयी घिनौनी घटना के बारे में बताया.
पीड़िता ने यह भी बताया कि जब से उसकी मां का देहांत हुआ है. उसके बाद से लगभग डेढ़ साल से पिता द्वारा उसके साथ जबर्दस्ती की जा रही है. साथ ही मुंह बंद रखने के लिए धमकी दी थी. इस कारण बच्ची भयवश अपनी व्यथा किसी को बता नहीं पा रही थी.
स्कूल टीचर्स ने सारी घटना सुनने के बाद 26 सितंबर को ही तत्काल चाइल्ड लाइन को घटना की सारी जानकारी दी. 27 सितंबर को चाअल्ड हेल्पलाइन सुपरवाइजर की टीम स्कूल पहुंची. बच्ची से पूछताछ और उसके बयान लेने के बाद चाइल्ड लाइन की टीम व प्रधानाध्यापिका समेत अन्य शिक्षिकाएं महिला थाना पहुंचीं. जहां बच्ची के बयान के आधार पर प्रधानाध्यापिका ने थाना में केस दर्ज कराया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. वहीं नाबालिग बच्ची का मेडिकल के बाद शेल्टर होम में सुरक्षित रखा गया है.
महिला थाना प्रभारी फुलमनी टोप्पो ने घटना की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि इस तरह की घटना काफी शर्मनाक है. बच्ची की मां के मरने के बाद उसके पिता उसके साथ गलत कार्य कर रहे थे. स्कूल के टीचर्स ने इसे गंभीरता से लिया और शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने बताया कि जांच के बाद आरोपी पिता को जेल भेज दिया गया है और बच्ची को शेल्टर होम में रखा गया है ताकि बच्ची सुरक्षित रह सके.


