Saturday, March 28, 2026

खूंटी में नाबालिग लड़की की हत्या कर दी गई

Share

खूंटी: जिले के तपकरा थाना क्षेत्र के एक गांव में मां के सामने नाबालिग बेटी की चाकू से गोदकर हत्या का मामला सामने आया है. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांचोपरांत शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है. घटना की पुष्टि तोरपा के सर्किल इंस्पेक्टर अशोक सिंह ने की है.

  • सर्किल इंस्पेक्टर ने बताया कि लापुंग के मालगो गांव निवासी आरोपी प्रेमचंद साहू और नाबालिग लड़की के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था. दो साल पहले दोनों की फेसबुक के जरिए जान-पहचान हुई थी और फिर दोनों में दोस्ती हुई. बाद में यह दोस्ती प्रेम संबंध में तब्दील हो गई. उन्होंने बताया कि लड़की (मृतका) तीन महीने तक प्रेमचंद के घर पर लिवइन में रही थी. उसी दौरान प्रेमी द्वारा मारपीट और प्रताड़ना से तंग आकर वह 6 सितंबर को अपने गांव लौट आई थी

इधर, इस बात से नाराज प्रेमचंद शनिवार को बाइक से लड़की के घर पहुंचा और लड़की को अपने घर ले जाने की बात पर अड़ गया. लड़की को अपने साथ ले जाने और जबरदस्ती करता देख मां ने विरोध किया तो उन्हें मारने के लिए दौड़ाया. उसके पीछे उसकी बेटी भी दौड़ी. इस क्रम में लड़की आरोपी के पकड़ में आ गई और आरोपी ने चाकू निकालकर उसके सीने में चाकू गोदकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक फरार हो गया.

इधर, आंखों के सामने बेटी की हत्या होने के बाद मां शोर मचाने लगी. आवाज सुनकर कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंचे और जख्मी अवस्था में लड़की को तोरपा रेफरल अस्पताल ले गए. जहां चिकित्सकों ने जांच कर लड़की को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

जल्द आरोपी की होगी गिरफ्तारीः सर्किल इंस्पेक्टर

तोरपा के सर्किल इंस्पेक्टर अशोक सिंह ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है. उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह खुलासा हुआ है कि आरोपी और लड़की के बीच दो वर्षों से प्रेम संबंध था. घरेलू विवाद के बाद नाबालिग लड़की अपने गांव पहुंची थी. जबरन अपने साथ ले जाने का विरोध के कारण यह घटना घटी है. मृतका की मां के बयान पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है. जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Read more

Local News