Saturday, May 10, 2025

क्या घुसपैठिए ले रहे मंईयां सम्मान योजना का लाभ? इस वजह से मुखिया ने जताई आशंका

Share

झारखंड के पोटका की एक पंचायत में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभार्थियों की सूची में गड़बड़ी सामने आई है। मुखिया ने पाया कि पंचायत में केवल एक मुस्लिम परिवार है जबकि सूची में 15 मुस्लिम परिवारों के नाम हैं। मुखिया ने इस मामले में घुसपैठियों का नाम शामिल होने की आशंका जताई है और जांच की मांग की है।

 झारखंड की महिलाएं सरकार की मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की नौवीं किस्त का इंतजार कर रही हैं। मई महीने में नौवीं किस्त जारी की जाएगी। इस बीच झारखंड सरकार द्वारा मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों की सूची का सत्यापन भी कराया जा रहा है।

मुखिया को सौंपी गई लाभुकों की सूची

इसी क्रम में पोटका की जुड़ी पंचायत के 358 लाभुकों की एक सूची मुखिया को सौंपी गई, जिसके तहत क्षेत्र के लाभुकों के सत्यापन की बात कही गई। इस दौरान लाभुकों की सूची देखकर पंचायत के मुखिया सुकलाल सरदार चौंक गए।

सूची में 15 मुस्लिम परिवारों का नाम

उन्होंने कहा कि हमारे पंचायत में एक ही मुस्लिम परिवार है। मगर इस सूची में 15 मुस्लिम परिवारों का नाम दर्ज है। इन परिवारों द्वारा मंईयां सम्मान योजना का लाभ लिया जा रहा है। मगर हमारे पंचायत में जब एक ही परिवार है तो अन्य 14 मुस्लिम परिवार आया कैसे आए, ये जांच का विषय है।

घुसपैठियों का नाम शामिल होने की आशंका

उन्होंने शक जाहिर करते हुए कहा कि कहीं घुसपैठिए तो हमारे पंचायत में मंईयां सम्मान योजना का लाभ नहीं ले रहे हैं। उन्होंने रजिस्टर को देखा तो कहा कि कड़ी निगरानी के साथ पंचायत में लाभुकों का सत्यापन कर मंईयां सम्मान योजना के लिए रजिस्टर्ड किया गया था। मगर इन 14 मुस्लिम लाभुकों का नाम सूची किसने जोड़ा यह पता नहीं है।

मुखिया ने कहा कि मैं सूची को सौंपते हुए कार्रवाई की मांग करूंगा, जिससे की फर्जी लाभुकों का पता लगाकर उन पर एक्शन लिया जा सके।

Read more

Local News