भारत और पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को आमने सामने होंगे. ये बड़ा मैच श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा. इस हाई प्रोफाइल मैच से पहले एक बार फिर भारत पाकिस्तान खिलाड़ियों के हैंडशेक को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा से प्री मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पर सवाल भी किया गया कि क्या वो हैंडशेक करेंगे. तो उन्होंने कहा कि किसी भी खेल को खेल स्प्रिट के साथ खेलना चाहिए. साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि उनकी टीम मैच में पारंपरिक हाथ मिलाने के लिए तैयार है, लेकिन इसका आखिरकार इंडिया को ही करना है.
आगा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘क्रिकेट को खेल भावना से खेला जाना चाहिए. मेरी पर्सनल राय मायने नहीं रखती, लेकिन क्रिकेट वैसे ही खेला जाना चाहिए जैसे हमेशा से खेला जाता रहा है. यह उन्हें (भारत) तय करना है कि क्या करना है.’
हैंडशेक विवाद कब शुरू हुआ?
बता दें कि भारत और पाकिस्तान के बीच हैंडशेक विवाद पिछले साल यूएई में खेले गए एशिया कप से शुरू हुआ. जब भारतीय खिलाड़ियों ने पहलगाम अटैक में मारे गए लोगों से एकजुटता दिखाते हुए पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ न मिलाने का फैसला किया. टॉस के समय इंडिया के कैप्टन सूर्यकुमार यादव ने हाथ मिलाने से मना कर दिया और फिर मैच जीतने के बाद इंडियन प्लेयर्स सीधे अपने डगआउट में वापस चले गए.
इसके बाद दोनों टीमों के बीच टूर्नामेंट में खेले गए सभी मैच में हैंडशेक नहीं हुआ. ये विवाद यहीं तक नहीं रुका, इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने फाइनल मैच जीतने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी, जो उस समय एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष थे, से ट्रॉफी लेने से भी मना कर दिया. जिसके बाद मोहसिन नकवी ने ट्रॉफी देने से इनकार कर दिया और सबके सामने से वो ट्रॉफी लेकर चले गए. जिसके बाद एक नया विवाद शुरू हो गया.
अब ये हैंडशेक का विवाद आईसीसी के मैच में भी पहुंच गया है. देखना दिलचस्प होगा कि क्या भारत इस मैच में भी पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाता है या नहीं?


