धनबाद: कोयलांचल क्षेत्र में एक बार फिर बड़ा और चिंताजनक हादसा सामने आया है. कतरास स्थित सोनारडीह ओपी क्षेत्र के टंडाबारी में अचानक हुए भू-धंसान ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस घटना में कम से कम तीन घर पूरी तरह जमीन में समा गए हैं. हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है और विरोध स्वरूप सड़क जाम कर प्रदर्शन किया जा रहा है.
बताया जा रहा है कि यह घटना इतनी अचानक हुई कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. जमीन धंसते ही घरों में दरारें पड़ने लगीं और देखते ही देखते कई मकान मलबे में तब्दील हो गए. इस हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर भागे और कई परिवारों ने दहशत के बीच अपने घर छोड़ सुरक्षित स्थानों की ओर रुख किया.
प्रत्यक्षदर्शी रिंकी कुमारी ने घटना की भयावहता को बताते हुए कहा कि अचानक जमीन धंसने से उनका घर पूरी तरह ध्वस्त हो गया. इस दौरान उनकी बहन गीता कुमारी, चाची सरिता देवी और पिता मोनू उरांव मलबे में दब गए. परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से राहत-बचाव की कोशिशें शुरू की गईं.
अभी दबे होने की आशंका कोई नहीं है. अभी पहले हमलोग जांच करेंगे और रेस्क्यू टीम वहां राहत और बचाव कार्य के लिए तो वही इस स्थिति के बारे में स्पष्ट और ठोस जानकारी को लेकर बेहतर बताएगी. –पुरुषोत्तम कुमार सिंह, एसडीपीओ, बाघमारा.
इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सैकड़ों की संख्या में सोनारडीह ओपी का घेराव कर दिया. साथ ही कतरास-महुदा मार्ग यानी एनएच-32 को जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में लंबे समय से भू-धंसान की घटनाएं होती रही हैं लेकिन प्रशासन और संबंधित विभागों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया. लोगों ने आरोप लगाया कि समय रहते ठोस कदम उठाए जाते तो इस तरह की भयावह घटना टाली जा सकती थी.
जमीन धंसा है, अब अंदर क्या गया है फिलहाल इसकी जानकारी नहीं है. रेस्क्यू टीम आ चुकी है, राहत और बचाव का कार्य किया जा रहा है. प्रशासन अपना काम कर रहा है. -संजय सिंह, सेफ्टी अधिकारी, बीसीसीएल.
इस घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया. साथ ही प्रशासन से तत्काल प्रभाव से राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की।पुलिस प्रशास और बीसीसीएल के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं.
मैंने प्रभावित इलाके का दौरा किया, जहां चार घर जमींदोज हो चुके हैं और उसमें रहने वाला परिवार भी मलबे के नीचे दबा है. राहत कार्य के लिए उपायुक्त और कोलियरी प्रबंधन के उच्च अधिकारी से बात हुई है. रेस्क्यू टीम यहां जल्द राहत और बचाव कार्य करेगी. –शत्रुघ्न महतो, विधायक, बाघमारा.


