Monday, April 6, 2026

कोडरमा में युवाओं को सोलर पैनल इंस्टॉलेशन की ट्रेनिंग दी जा रही है.

Share

कोडरमा: ग्रीन एनर्जी की तरफ देश के बढ़ते कदम से युवाओं में भी उत्साह दिख रहा है. रोजगार के मद्देनजर सोलर पैनल इंस्टॉल करने के क्षेत्र में कोडरमा के युवा हुनरमंद बन रहे हैं. ऊर्जा के क्षेत्र में देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ग्रीन एनर्जी की तरफ सरकार का झुकाव कुछ ज्यादा है. इसके साथ ही इस क्षेत्र में रोजगार के नए मार्ग भी प्रशस्त हो रहे हैं. स्किल इंडिया के तहत बड़ी संख्या में कोडरमा के युवा सोलर पैनल इंस्टॉलेशन की बारीकियां सीख रहे हैं, ताकि ग्रीन एनर्जी के साथ आने वाला समय भी युवाओं का हो.


सोलर पैनल इंस्टॉलेशन की बारीकियां सीख रहे युवाओं को दो क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिल सकते हैं. एक तरफ जहां सोलर बनाने वाली कंपनियों में स्किल इंडिया के तहत जॉब ऑफर किया जा सकता है. वहीं दूसरी तरफ इस तकनीक को सीख कर युवा खुद का व्यवसाय भी कर सकते हैं. ऐसे में स्किल इंडिया और कौशल विकास मिशन के तहत युवाओं को हुनरमंद बनाया जा रहा है, ताकि हर हाथ को काम मिल सकें.


युवाओं को ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में हुनरमंद बनाने के लिए 3 महीने का आवासीय प्रशिक्षण दिया जाता है. इसके तहत युवाओं को थ्योरी और प्रैक्टिकल के जरिए इंस्टॉलेशन की पूरी तकनीक बताई जाती है. इन युवाओं को प्रशिक्षित करने वाले ट्रेनर भी यह मानते हैं, कि आने वाला समय ग्रीन और रिनुअल एनर्जी का है. ऐसे में इस क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाएं भी हैं. जिससे की बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे और युवाओं को रोजगार भी मिलेंगे.

Read more

Local News