Friday, March 27, 2026

कोडरमा पुलिस ने सोने की लूटकांड में शामिल पांच आरोपी को बिहार के नवादा से लूटे गए सोना के साथ गिरफ्तार किया है.

Share

  • कोडरमा: 15 जून की रात बिहार के छपरा जिले के जेवर व्यवसायी से कोडरमा घाटी में हुए 80 लाख रुपए के सोने की लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. साथ ही पुलिस ने सोना लूटकांड को अंजाम देने वाले 5 अपराधियों के साथ लूट के 673 ग्राम सोने के बिस्किट को भी बरामद कर लिया है. पुलिस ने इस लूटकांड में इस्तेमाल की गई दो कार को भी बरामद करने में सफलता पाई है.

बता दें कि 15 जून को बिहार के छपरा के जेवर व्यवसायी दीपक कुमार गुप्ता से कोडरमा घाटी में तकरीबन 80 लाख रुपए के सोने की लूट कर ली गई थी. इस लूटकांड को तब अंजाम दिया गया था, जब वे अपने एक स्टाफ के साथ कोलकाता से सोने की बिस्किट लेकर वापस बिहार के छपरा लौट रहे थे.

पुलिस को दिए बयान में व्यवसायी ने बताया था कि वे अपने एक स्टाफ के साथ कोलकाता से सोने की बिस्किट लेकर वापस छपरा लौट रहें थे. इस दौरान कोडरमा घाटी में उनकी कार खराब हो गई. मौके पर कुछ लोग उनके पास मदद करने की ख्याल से पहुंचे और उनसे सोने की बिस्किट की लूट कर ली.

इधर मामले का उद्भेदन करते हुए कोडरमा एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि कोडरमा घाटी में जेवर व्यवसायी की कार खराब हो गई थी. जिसके बाद पकड़े गए पांच में से दो अपराधी मदद करने की नीयत से व्यवसायी के पास पहुंचे और गाड़ी ठीक करने में मदद करने लगे. इसी दौरान उन दोनों को व्यवसायी के पास भारी मात्रा में सोना होने की भनक लगी. जिसके बाद उन दोनों ने अपने कुछ साथियो को बुलाया और व्यवसायी के साथ मारपीट करते हुए सोने की लूट कर मौके से फरार हो गए.

मामले की जानकारी मिलने के बाद एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ अनिल कुमार की अगुवाई में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने छापेमारी करते हुए बिहार के नवादा जिले के रजौली से 5 अपराधियों को गिरफ्तार किया. इसके साथ ही उनके पास से लूटे गए सोने को बरामद करने में सफलता पाई. एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जेवर व्यवसायी से लूटी गई सोने को बरामद किया गया. पुलिस ने लूट की बरामद की गई सोने की कीमत 70 लाख रुपए बताई है.

Robbery Accused Arrested

Read more

Local News