Tuesday, April 7, 2026

कोडरमा उत्पाद विभाग की टीम पर हमला

Share

कोडरमा:जिले के तिलैया डैम ओपी क्षेत्र अंतर्गत कांटी गांव में अवैध शराब की बिक्री की सूचना पर छापेमारी करने गई उत्पाद विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. शराब माफियाओं ने उत्पाद विभाग के कई कर्मियों के साथ न सिर्फ मारपीट की, बल्कि उत्पाद विभाग की गाड़ियों के शीशे तक फोड़ डाले और वाहन को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया.

इस संबंध में उत्पाद विभाग के एसआई शिवसागर कुमार ने बताया कि अवैध शराब बिक्री की सूचना पर छापेमारी को लेकर उत्पाद विभाग की टीम सोमवार रात दो वाहनों में सवार होकर कांटी गांव गए थे. मौके से उत्पाद विभाग की टीम ने दो लोगों को हिरासत में लिया था. जिनमें बड़की धमराय निवासी अनिल महतो और धनुकी महतो के नाम शामिल थे.

उन्होंने बताया कि दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार करने के बाद वे बरही थाना क्षेत्र के तिलैया बस्ती होते हुए कोडरमा जा रहे थे, लेकिन अंधेरा होने के कारण रास्ता भटक गए. जिसका फायदा उठाते हुए कुछ लोगों के द्वारा गिरफ्तार लोगों को बचाने के लिए झूठी कहानी गढ़ते हुए यह हल्ला कर दिया गया कि गांव में चोर घुस आये हैं और बच्चा चोरी कर भाग रहे हैं.

विभाग के वाहन को किया क्षतिग्रस्त

जिसके बाद स्थानीय लोगों ने हमारे वाहनों पर पत्थर से हमला कर दिया. साथ ही तिलैया बस्ती के निकट स्थानीय लोगों ने वाहन को घेर लिया और गिरफ्तार लोगों को छुड़ा ले गए. उस दौरान कुछ लोगों ने गाड़ी में तोड़फोड़ की और जवानों के साथ मारपीट करते हुए उनकी वर्दी तक फाड़ डाली. काफी मशक्कत के बाद हमलोग किसी प्रकार से वहां से निकलने में सफल हुए. उन्होंने बताया कि चूंकि मामला बरही थाना क्षेत्र में हुआ है इसलिए इस पूरी घटना को लेकर वे बरही थाने में लिखित आवेदन देने जा रहे हैं.

इधर, घटना को लेकर हीरोडीह और गुड़ियों विजया के ग्रामीणों का कहना है कि सोमवार रात कोडरमा उत्पाद विभाग की टीम गांव आकर जबरदस्ती पैसे की वसूली करने में लगी थी. इसका विरोध करने पर उत्पाद विभाग के सिपाहियों ने ग्रामीणों के साथ मारपीट शुरू कर दी.

Attacked On Excise Team In Koderma

आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाईः थाना प्रभारी

वहीं, घटना को लेकर बरही थाना प्रभारी विनोद यादव ने बताया कि उन्हें सूचना मिली है कि सोमवार रात कुछ घटना हुई है. हालांकि अभी तक आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी.

Read more

Local News