Wednesday, March 11, 2026

केंद्र सरकार की योजना के तहत गढ़वा में पोषण वाटिका की शुरुआत हुई.

Share

गढ़वाः झारखंड के गढ़वा जिले में पोषण वाटिका की शुरुआत हुई है. केंद्र सरकार की यह योजना है कि अब सरकारी विद्यालयों के परिसर में सब्जियों की खेती की जाएगी. ये सब्जियां बच्चों को दिए जाने वाले मिड डे मील में परोसी जाएंगी.

जिले के कई स्कूलों में पोषण वाटिका के लिए रुपये दिए गए

गढ़वा जिले के श्रीबंशीधर नगर में स्थापित इस सरकारी विद्यालय में जो हरियाली दिख रही है यह स्कूल प्रबंधन एवं बच्चों की मेहनत का परिणाम है. इस विद्यालय में पोषण वाटिका के तहत बच्चों को दिए जाने वाले भोजन में जो सब्जियां दी जा रही हैं, वह इसी विद्यालय में उगाई गई हैं. इस विद्यालय में मुनगा (Drumstick), बैगन, टमाटर, सेम, मिर्च, केला एवं कड़ी पत्ते की खेती हो रही है, जिसका इस्तेमाल मिड डे मील में परोसे जाने वाली सब्जियों के रूप में होता है. इसके लिए शिक्षा विभाग ने जिले के कई स्कूलों में पोषण वाटिका बनाने के लिए हर एक को पांच-पांच हजार रुपये दिए हैं.

सभी सरकारी विद्यालयों में इसका परिणाम देखा जाएगा

विद्यालय के प्रधानाध्यापक का कहना है कि इस विद्यालय के पोषण वाटिका में खेती के जरिये सब्जियों का उत्पादन कर बच्चों को परोसा जाता है, यह शिक्षा विभाग की एक अच्छी पहल है. वहीं कोऑर्डिंनेटर ने कहा कि इसकी तो अभी शुरुआत है, आने वाले दिनों में जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में इस अनूठी पहल को देखा जाएगा.

बच्चों को सही खाना मिलेगा- जिला शिक्षा अधिकारी

वहीं शिक्षा विभाग की इस अनूठी पहल को जिले में प्रभावी ढंग से लागू कराने वाले अधिकारी कैसर राजा ने कहा कि इस पोषण वाटिका का मुख्य उद्देश्य बच्चों की सेहत में सुधार करना है. यह पहल होने से कम से कम एक टाइम बच्चों को सही खाना मिलेगा और उनका शरीर भी स्वस्थ रहेगा.

Read more

Local News