Friday, March 13, 2026

कुल्हाड़ी से वार कर अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी.

Share

दुमका : जिले के मसलिया थाना क्षेत्र के कोलारकोंदा पंचायत अंतर्गत बसमत्ता गांव में पति ने कुल्हाड़ी से वार कर अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. खास बात यह भी है कि आरोपी राखीशल बेसरा ने वर्षों पहले भी अपनी पहली पत्नी की हत्या की थी और लगभग 09 साल के बाद कुछ ही दिन पहले केन्द्रीय कारा, दुमका से बाहर निकला था.

  • दुमका जिले के मसलिया थाना क्षेत्र के बसमत्ता गांव में 47 वर्षीय राखीशल बेसरा ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी है. मृतका का नाम बितनी हांसदा (35) है. दरअसल, गांव में काली पूजा का मेला लगा हुआ था और पति राखीशल ने अपनी पत्नी बितनी हांसदा को मेला चलने को कहा पर पत्नी घर पर ही काफी शराब पी चुकी थी, इसलिए मेला जाने से इंकार कर दिया. पहले तो पति ने कुछ जिद की और जब पत्नी इस बात पर अड़ गई कि उसे मेला नहीं जाना है तो पति क्रोधित हो उठा और घर में मौजूद कुल्हाड़ी से उसपर ताबड़तोड़ वार करने लगा. इस वार से घटनास्थल पर ही बितनी की मौत हो गई.
  • पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, हत्यारा पति राखीशल बेसरा पूर्व में भी अपनी पहली पत्नी की हत्या कर चुका है. इस मामले में उसे सजा हुई और कुछ दिन पूर्व नौ वर्षों तक जेल में बिताने के बाद हाल ही में घर लौटा था. उसने दो शादियां कर रखी थी और इस बार दूसरी पत्नी भी उसके क्रोध की शिकार हो गई.

इस पूरे मामले पर मसलिया के थाना प्रभारी राजीव रंजन ने बताया कि पति के द्वारा पत्नी के मेला जाने से इनकार करने पर उसकी हत्या कर दी गई है. घटना को अंजाम देने के बाद वह गांव में ही एक जगह छिप गया था, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. जिस कुल्हाड़ी से उसकी हत्या की गई उसे भी जब्त कर लिया गया है. इधर, आरोपी राखीशल से पूछताछ की जा रही है, जबकि पुलिस की जांच टीम घटनास्थल से सबूत को संग्रहित करने में जुट गई है.

Read more

Local News