केरल में पत्नी की हत्या का आरोपी को पुलिस ने नाटकीय अंदाज में गिरफ्तार किया. पुलिस उसे एक मामूली अपराधी समझ रही थी.
केरल पुलिस ने नाटकीय क्रम में पत्नी की हत्या के आरोपी को गिरफ्तार किया. हत्यारोपी का नाम यासर है. यासर पर अपनी पत्नी की हत्या करने और उसके माता-पिता को घायल करने का आरोप है. घटना को अंजाम देने के बाद वह कार से भाग गया था. पुलिस उसे भारी सुरक्षा के बीच थामारास्सेरी पुलिस स्टेशन लेकर पहुंची. कागजी कार्रवाई के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा.
कैसे हुआ गिरफ्तारः यासर ने कथित तौर पर पत्नी शिबिला और उसके परिवार पर हमला किया. पत्नी की हत्या के बाद वह कार से भागा था. दरअसल उसकी कार में तेल कम था. उसके पास पैसे भी नहीं थे. बालुसेरी के पास एक पेट्रोल पंप पर उसने अपनी कार में 2000 रुपये का तेल भरवाया फिर बिना भुगतान किए भाग गया. पेट्रोल पंप मालिक ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी. जिसके बाद पूरे इलाके में वाहनों की सघन जांच की गई.
लोगों ने बुलायी बैठकः पुलिस ने कार का नंबर भी जारी किया था. कुछ लोगों ने वाहन को देखा. पुलिस को इसकी सूचना दी. लोगों की सूचना पर पुलिस ने मेडिकल कॉलेज पार्किंग क्षेत्र से यासर को गिरफ्तार किया. फिर पुलिस को पता चला कि यह पत्नी की हत्या कर भागा है. पुलिस ने बताया कि यासर नशे का आदी है. स्थानीय लोगों ने ड्रग के इस्तेमाल के बढ़ते चलन पर चिंता जतायी. क्षेत्र में ऐसे अपराधों से निपटने के उपायों को मजबूत करने के लिए सर्वदलीय बैठक का आह्वान किया.
प्रेम-विवाह किया थाः यासर और शिबिला ने पांच साल पहले प्रेम विवाह किया था. कुछ समय बाद उनके रिश्ते में दरार आ गई. यासर अक्सर ड्रग्स लेने के बाद शिबिला को पीटता था. इस दुर्व्यवहार के कारण शिबिला को कई बार अपने पिता के घर में शरण लेनी पड़ी. रिश्तेदारों ने विवाद को सुलझाने के लिए हस्तक्षेप किया. लेकिन, कोई फायदा नहीं हुआ. यासर की ज्यादती बढ़ती गयी. घटना वाले दिन उसने पत्नी को जान से मारने की धमकी देते हुए एक व्हाट्सएप संदेश भी भेजा था.
शरीर पर जख्म के 11 निशान मिलेः शिबिला के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसके रिश्तेदारों को सौंप दिया गया. उसके शरीर पर 11 घाव के निशान मिले, जिनमें से दो गहरे थे. प्रारंभिक अनुमानों के अनुसार, इन्हीं जख्मों को मौत का कारण माना जा रहा है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारण की पुष्टि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही की जा सकती है. थामारसेरी पुलिस ने जांच तेज कर दी है.


