गाड़ी के अंदर एक खास तौर पर डिजाइन किए गए गुप्त स्थान पर चांदी की तस्करी की जा रही थी.
ओडिशा में संबलपुर जिले के रेंगाली इलाके से चांदी की तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है. खबर के मुताबिक, आबकारी विभाग ने एक लग्जरी कार से 1 करोड़ रुपये से ज्यादा की चांदी जब्त की.
ओडिशा के संबलपुर मे चांदी जब्त
लगभग 1 क्विंटल 10 किलोग्राम वजनी चांदी को कार में एक गुप्त डिब्बे के जरिए झारखंड के रांची ले जाया जा रहा था. इस मामले में 2 लोगों को हिरासत में लेकर पुछताछ कर रही है.
खबरों के मुताबिक, गाड़ी के अंदर एक खास तौर पर डिजाइन किए गए गुप्त स्थान पर चांदी की तस्करी की जा रही थी. गांजा तस्करी की नियमित जांच के दौरान आबकारी विभाग की टीम ने यह करोड़ों की चांदी जब्त की.
बताया जा रहा है कि कार रांची की ओर जा रही थी, तभी विभाग की टीम ने उसे रोककर तलाशी ली. इस घटना के सिलसिले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है. आबकारी विभाग तस्करी के मुख्य श्रोत का पता लगाने में जुट गई है.
दो लोग गिरफ्तार
आबकारी अधिकारियों को एक संगठित तस्करी गिरोह के शामिल होने का संदेह है. वे इस बात की पुष्टि कर रहे हैं कि क्या चांदी की इतनी बड़ी खेप ले जाने के लिए उनके पास उचित दस्तावेज थे.
इस घटना के बारे में संबलपुर आबकारी अधीक्षक अशोक सेठ ने बताया, “जिस तरह आबकारी विभाग की टीम नियमित रूप से संबलपुर-झारसुगुड़ा मार्ग और संबलपुर रेडाखोल मार्ग पर गांजा तस्करी रोकने के लिए वाहनों की जांच करती है, उसी तरह आज भी वे यशिक्षा टोल नाके पर वाहनों की जांच कर रहे थे. इसी दौरान वहां से गुजर रही एक महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन पर उन्हें संदेह हुआ.
अशोक सेठ ने बताया, “जांच के दौरान वाहन के 110 किलोग्राम चांदी बरामद हुआ. वाहन में सवार दोनों व्यक्ति कोई कागज नहीं दिखा पाए, जिसके कारण चांदी की खेप और वाहन को जब्त कर आबकारी विभाग कार्यालय ले जाया गया. बाद में, संबलपुर जिला मजिस्ट्रेट के निर्देश पर संबलपुर सिटी जीएसटी की एक टीम मौके पर गई. हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है.


