टी20 इंटरनेशनल में कनाडा के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले और पूर्व कप्तान नवनीत धालीवाल ने घोषणा की है कि वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायर हो जाएंगे. धालीवाल गुरुवार 19 फरवरी को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में टूर्नामेंट के आखिरी ग्रुप स्टेज मैच में अफगानिस्तान के खिलाफ नेशनल टीम की जर्सी में अपना आखिरी मैच खेलेंगे.
धालीवाल का क्रिकेट करियर
धालीवाल ने 2015 में कनाडा के लिए अपना पहला मैच खेला और टीम के लिए T20I में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए, उन्होंने 48 मैचों में 1305 रन बनाए. उन्होंने 18 वनडे भी खेले, जिसमें उन्होंने कुल 456 रन बनाए.
कनाडा के कप्तान के तौर पर उनका रिकॉर्ड काफी अच्छा है. उनकी लीडरशिप में, टीम को 25 मैचों में से 21 में जीत मिली. हालांकि, वह कप्तान के तौर पर दो वनडे मैच में हार का सामना भी करना पड़ा. धालीवाल के लिए टीम की कप्तानी करना और अपने पहले टी20 वर्ल्ड कप मैच में 44 गेंदों पर 61 रन बनाना उनकी सबसे अच्छी याद थी.
धालीवाल की सबसे अच्छी याद
कनाडा के पूर्व कप्तान धालीवाल ने कहा कि उन्होंने वर्ल्ड कप में उतरने से पहले ही रिटायरमेंट का फैसला कर लिया था. ESPNcricinfo ने धालीवाल के हवाले से कहा, ‘मैंने यहां आने से पहले ही यह फैसला कर लिया था. मैं अब 12 साल से ज़्यादा समय से खेल रहा हूं, इसलिए यह प्लान किया गया था, और यह मेरा आखिरी मैच होगा.
धालीवाल ने आगे कहा, ‘सबसे अच्छी याद तब की है जब हमने पहली बार वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई किया था. उसके बाद, मैंने पिछली बार वर्ल्ड कप के शुरुआती गेम में रन बनाए थे. साथ ही, जब मैं कप्तान बना, तो वह मेरे लिए गर्व का पल था.’
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कनाडा का प्रदर्शन
कनाडा का मौजूदा T20 वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन रहा. उनको ग्रुप डी में साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान और यूएई के साथ रखा गया, जिसे ग्रुप ऑफ डेथ कहा गया. कनाडा अपने पहले तीन ग्रुप स्टेज मैच हार गई, और अब वे अपना आखिरी ग्रुप मैच अफगानिस्तान के साथ खेलेंगे. जहां वो उम्मीद करेंगे कि उनका कैंपेन जीत के साथ खत्म हो.


