साउथ स्टार विजय देवरकोंडा बुधवार, 6 अगस्त को हैदराबाद स्थित बशीरबाग कार्यालय में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) पहुंचे. वह ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप्स मामले में ईडी के सामने पेश हुए. उन्हें पहले एजेंसी ने तलब किया था. उनका नाम 2016 में इनमें से एक ऐप से जुड़ी प्रचार सामग्री से जुड़ा था. इस मामले में कई मशहूर हस्तियों के नाम सामने आए हैं. कुछ दिन पहले ही एक्टर प्रकाश राज इसी मामले में ईडी के सामने पेश हुए थे.
साउथ स्टार विजय देवरकोंडा बुधवार सुबह ऑनलाइन सट्टेबाजी के खेल को बढ़ावा देने से संबंधित समन मिलने के बाद ईडी के समक्ष पेश हुए. ईडी कार्यालय से बाहर आने के बाद मीडियाकर्मियों को संबोधित किया.
मीडिया से बातचीत करते हुए विजय देवरकोंडा ने कहा, ‘यह सट्टेबाजी ऐप्स के धन शोधन का मामला था. यह कुछ ऐसा था जो मैंने 2016 में किया था. नैतिक आधार पर, मैंने इस मामले को आगे नहीं बढ़ाया, और मैंने उन्हें जानकारी दी कि मुझे कोई पैसा नहीं मिला क्योंकि मैं उससे पैसा नहीं कमाना चाहता था.’
उन्होंने आगे कहा, ‘ईडी ने सारी जानकारी ले ली है और जांच पूरी कर ली है. अधिकारी अपना काम कर रहे हैं, और एक नागरिक होने के नाते मुझे उनका सहयोग करना चाहिए. उनके सवालों के जवाब देने चाहिए. इसमें किसी भी तरह का कोई राजनीतिक उद्देश्य या पक्षपात नहीं है.’
इस साल की शुरुआत में, तेलंगाना पुलिस ने राणा दग्गुबाती, विजय देवरकोंडा और लक्ष् मांचू सहित 25 मशहूर हस्तियों और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर के खिलाफ अपने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से अवैध सट्टेबाजी और जुए के ऐप्स को बढ़ावा देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की थी. प्रकाश राज और विजय का नाम भी सामने आया था.
32 साल के बिजनेसमैन पीएम फणींद्र सरमा की याचिका पर हैदराबाद के मियापुर पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज की गई थी.इस साल 19 मार्च को दर्ज की गई शिकायत में मशहूर हस्तियों और इंफ्लुएंसर लोगों द्वारा अवैध जुआ ऐप्स को बढ़ावा देने की एक परेशान करने वाली प्रवृत्ति को उजागर किया गया है, जो 1867 के सार्वजनिक जुआ अधिनियम का उल्लंघन करते हैं.
सरमा का दावा है कि 16 मार्च को अपने समुदाय के युवाओं के साथ बातचीत के दौरान, उन्होंने पाया कि कई लोग इन जुआ ऐप्स में अपना पैसा लगाने के लिए प्रभावित हुए थे, जिनका सोशल मीडिया हस्तियों ने बड़े पैमाने पर विज्ञापन किया गया था.
शिकायत के अनुसार, ये हस्तियां अलग-अलग सट्टेबाजी प्लेटफार्मों को बढ़ावा देने के लिए बड़ी रकम ली, जो उपयोगकर्ताओं को उनकी मेहनत की कमाई को दांव पर लगाने के लिए प्रोत्साहित करती हैं.


