बठिंडा: पंजाब के बठिंडा जिले में दिलदहला देने वाली घटना घटना सामने आई है. यहां एक पिता ने प्रेम विवाह रचाने वाली अपने बेटी और नातिन की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी. मृतक महिला के पति रवि ने बताया कि उसने लगभग चार साल पहले गांव में ही रहने वाली जशन नाम की लड़की से प्रेम विवाह रचाया था. इस प्रेम विवाह के बाद उनके घर एक लड़की का जन्म हुआ था.
रवि एक प्राइवेट जॉब करता है. उसने बताया कि “आज सुबह जब मैं अपने काम पर गया था, उसके बाद उसकी पत्नी जशन और उसकी बेटी एकम दवा लेने जा रही थीं. इस दौरान जशन के पिता राजवीर सिंह नंबरदार ने मेरी पत्नी और बेटी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. इस हमले में जशन की मौके पर ही मौत हो गई और बेटी ने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया.”
रवि ने पुलिस से न्याय की मांग करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए.
दोहरे हत्याकांड के बारे में डीएसपी हरजीत सिंह मान ने बताया, “हमें विर्क कलां गांव में एक लड़की की हत्या की सूचना मिली थी. हमने मौके पर जाकर जांच की तो मृतक लड़की की पहचान विर्क कलां निवासी जशन के रूप में हुई. उसकी शादी लगभग चार साल पहले गांव में ही रहने वाले रवि नाम के लड़के से हुई थी. उनकी एक बेटी एकम भी थी.
उन्होंने बताया कि आज जब जशन अपनी बेटी एकम को लेकर विर्क कलां स्थित बस स्टैंड से निकलने लगी, तो जशन के पिता राजवीर सिंह ने जशन पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी. हमले में जशन की बेटी एकम भी घायल हो गई थी और अस्पताल ले जाते समय लड़की एकम की मौत हो गई.
डीएसपी ने बताया कि पुलिस ने मृतक लड़की के पति रवि के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.


