Thursday, March 19, 2026

 उपायुक्त के पास पहुंची बात – छात्राओं के बगल में बैठ गंदी निगाह से घूरते हैं शिक्षक

Share

छात्राओं ने स्कूल के शिक्षक पर अश्लील हरकत करने का गंभीर आरोप लगाया है। छात्राओं ने उपायुक्त को आवेदन देकर इसकी शिकायत की है। 30 से अधिक छात्राओं ने आवेदन देकर आप बीती बताई है।शिक्षक छात्राओं के डेस्क पर बैठ कर गंदी निगाह से घूरते हैं। शिक्षक से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

हजारीबाग। प्लस टू विद्यालय चुरचू के शिक्षक विकास कृष्ण के खिलाफ छात्राओं ने अश्लील हरकत करने का गंभीर आरोप लगाया है। छात्राओं ने इसे लेकर DC को आवेदन दिया है।

इसमें 30 से अधिक छात्राओं ने आप बीती बताई है। बताया है कि शिक्षक छात्राओं के डेस्क पर बैठ कर गंदी निगाह से घूरते हैं। जब इसका विरोध किया जाता है तो अभिभावक को बुलाकर उलटा सीधा शिकायत करने की धमकी देते हैं।

छात्राओं ने उपायुक्त से हस्तक्षेप करने की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने इसके जांच के आदेश दे दिए हैं। शिक्षक से स्पष्टीकरण भी मांगा है।

हालांकि, आरोपित शिक्षक का कहना है जिस दिन की यह घटना बताई जा रही है उस दिन मैं विद्यालय में था ही नहीं। प्राचार्य सुरेश महथा का कहना है कि शिक्षक पर लगे आरोप की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई है।

शिकायत मिलने के बाद जांच कराई गई है। रिपोर्ट का इंतजार है। शिक्षक से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। स्पष्टीकरण का जवाब नहीं आया है।

– प्रवीण रंजन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, हजारीबाग। 

प्रबंधन समिति का मेरा पूर्व से विवाद चल रहा है। इसे लेकर आवेदन भी दिया गया है। यह एक साजिश है, जिसके सूत्रधार अध्यक्ष चंद्रिका राम हैं। जांच के बाद दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा।

– विकास कृष्ण आरोपित शिक्षक।

Read more

Local News