पलामू: करीब एक साल बाद आखिरकार पलामू प्रमंडल को कमिश्नर मिल ही गया. झारखंड सरकार ने बुधवार रात एक नोटिफिकेशन जारी करके आईएएस ऑफिसर कुमुद सहाय को पलामू का कमिश्नर अपॉइंट किया. जिसके बाद गुरुवार देर शाम उन्होंने पलामू के कमिश्नर का चार्ज पदभार ग्रहण किया. कुमुद सहाय 2012 बैच की आईएएस अधिकारी हैं.
1992 में पलामू कमिश्नरी बना था, जिसके पहले कमिश्नर एम.के. मंडल थे. पलामू कमिश्नर का पद 31 जनवरी, 2025 से खाली था. मई में कुछ शर्तों के साथ एक महीने के लिए कमिश्नर की तैनाती हुई थी. उसके बाद अब कुमुद सहाय को पलामू का 48वीं कमिश्नर नियुक्त किया गया है.
पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बात करते हुए आईएएस कुमुद सहाय ने कहा कि यह पद करीब एक साल से रिक्त था, जिससे कारण बहुत से कार्य लंबित रहे हैं. उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता सभी काम समय पर पूरे करना और पलामू प्रमंडल के तीन जिलों- पलामू, गढ़वा और लातेहार की समस्याओं को दूर करना है.
उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी, भू-अर्जन, कल्याण, खेल आदि से जुड़ी दूसरी डेवलपमेंट स्कीमें भी शुरू की जाएंगी और प्राथमिकता यह है कि उन्हें समय पर निष्पादित की जाए और संबंधित लोगों को लाभान्वित किया जाए. कमिश्नर ने इन कामों को प्रमंडल स्तरीय कार्यालयों और प्रमंडल क्षेत्र के तीनों जिलों के प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ-साथ आम जनता के सहयोग से करने की बात कही.


