रांची: असम विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने के उद्देश्य से सोमवार को डिब्रूगढ़ में झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक संपन्न हुई. इस बैठक में असम के विभिन्न क्षेत्रों से आए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने चुनावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा की.
इस बैठक में असम के आदिवासी, शोषित और वंचित समाज बहुल क्षेत्रों में पार्टी की जमीनी पकड़ मजबूत करने पर जोर दिया गया. मुख्यमंत्री ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए क्षेत्रवार रणनीतिक योजना और जनसंपर्क कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की.

इस दौरान झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने स्पष्ट किया कि झामुमो हमेशा से शोषित, वंचित और क्षेत्रीय पहचान की रक्षा करने वाली पार्टी रही है और यही विचारधारा असम में भी पार्टी का आधार बनेगी.

इस बैठक के अंत में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं और प्रतिनिधियों ने आगामी चुनावों में पूरी प्रतिबद्धता, अनुशासन और एकजुटता के साथ मैदान में उतरने का सामूहिक संकल्प लिया. संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने-अपने विचार साझा करते हुए जमीनी स्तर पर कार्य करने के लिए ‘रोडमैप’ प्रस्तुत किया. बैठक में झारखंड सरकार में मंत्री चमरा लिंडा समेत झामुमो के कई नेता-कार्यकर्ता उपस्थित रहे.


