Wednesday, March 18, 2026

अमेरिकी सरकार से विवाद के बीच Anthropic का Claude AI तेजी से पॉपुलर हुआ है, रोज 10 लाख साइन-अप हो रहे हैं.

Share

अमेरिका की एआई कंपनी Anthropic इन दिनों अमेरिकी सरकार के साथ चल रहे विवाद के कारण सुर्खियों में है. दिलचस्प बात यह है कि इस विवाद का अलग ही असर देखने को मिला है. कंपनी के एआई चैटबॉट Claude को अचानक दुनियाभर में तेजी से नए यूजर्स मिलने लगे हैं. Anthropic के चीफ प्रोडक्ट ऑफिसर Mike Krieger ने बताया कि फिलहाल हर दिन 10 लाख से ज्यादा लोग Claude के लिए साइन-अप कर रहे हैं. इतनी तेज ग्रोथ की वजह से Claude ऐप अमेरिका में Apple App Store और Google Play Store दोनों पर टॉप चार्ट में पहुंच गया है.

Claude की इस तेजी से बढ़ती लोकप्रियता का असर OpenAI के ChatGPT पर भी पड़ा है. कई जगहों पर Claude ने डाउनलोड के मामले में ChatGPT को पीछे छोड़ दिया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक हाल ही में OpenAI के सीईओ Sam Altman द्वारा अमेरिकी सरकार के साथ एक डील की घोषणा करने के बाद कुछ यूजर्स ने नाराजगी भी जताई थी, जिसका फायदा Claude को मिला.

भारत में भी Claude को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. Apple App Store पर यह फिलहाल देश का पांचवां सबसे ज्यादा डाउनलोड किया जाने वाला ऐप बन गया है. हालांकि, गूगल प्ले स्टोर पर अभी यह टॉप-10 में जगह नहीं बना पाया है.

विवाद क्या और क्यों है?

दरअसल, Anthropic और अमेरिकी सरकार के बीच विवाद एआई के इस्तेमाल को लेकर है. कंपनी चाहती है कि उसके एआई मॉडल का इस्तेमाल घरेलू निगरानी या स्वचालित हथियारों में न किया जाए. इसके लिए उसने अपने सिस्टम में कई सुरक्षा नियम और सीमाएं तय कर रखी हैं. लेकिन अमेरिका का रक्षा विभाग यानी Pentagon इन सीमाओं से सहमत नहीं है. अमेरिकी सरकार का मानना है कि भविष्य की सैन्य तकनीक में AI की बड़ी भूमिका होगी, खासकर ड्रोन, अंडरवॉटर व्हीकल और दूसरे ऑटोमेटेड हथियारों में.

इसी वजह से अमेरिकी प्रशासन ने Anthropic और उसके प्रोडक्ट्स को “सप्लाई चेन रिस्क” घोषित कर दिया है. Pentagon ने कंपनी को आधिकारिक रूप से सूचित कर दिया है कि अब उसके एआई टूल्स पर भरोसा नहीं किया जा सकता. रिपोर्ट के मुताबिक यह टकराव उस समय बढ़ गया जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रस्तावित Golden Dome मिसाइल डिफेंस प्रोग्राम में AI के इस्तेमाल पर चर्चा चल रही थी. यह प्रोग्राम अंतरिक्ष आधारित हथियारों से जुड़ा माना जा रहा है.

ट्रंप प्रशासन ने फिलहाल सभी सरकारी एजेंसियों को Claude का इस्तेमाल तुरंत बंद करने का आदेश दिया है. हालांकि Pentagon को इसे पूरी तरह हटाने के लिए छह महीने का समय दिया गया है, क्योंकि यह पहले से कई संवेदनशील सैन्य सिस्टम में इस्तेमाल हो रहा है. Anthropic ने इस फैसले का विरोध किया है और कंपनी ने संकेत दिया है कि वह इस फैसले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर सकती है.

Read more

Local News