नौकरी बदलने के बाद पुराने पीएफ खातों में फंसी छोटी रकम अब वापस मिलेगी. EPFO ने इनएक्टिव खातों में जमा 1,000 रुपये तक की राशि बिना आवेदन सीधे बैंक खातों में भेजने का फैसला किया है. जानिए किसे मिलेगा लाभ और घर बैठे कैसे चेक करें अपना स्टेटस.
देश भर में लाखों कर्मचारी नौकरी बदलने के बाद अपने पुराने PF खाते को भूल जाते हैं. इनमें अक्सर थोड़ी-बहुत रकम फंसी रह जाती है. अब ईपीएफओ (EPFO) ने ऐसे खातों में जमा छोटी रकम को वापस लौटाने की प्रक्रिया शुरू करने का फैसला किया है. केंद्रीय श्रम मंत्रालय के निर्देश पर उठाए गए इस कदम से उन खाताधारकों को सबसे ज्यादा फायदा होगा, जिनका पैसा सालों से इनएक्टिव खातों में पड़ा है.
किन खातों में आएगा पैसा?
EPFO ने लगभग 31 लाख ऐसे निष्क्रिय खातों की पहचान की है. इनमें से करीब 6 लाख खाते ऐसे हैं जिनमें 1,000 रुपये या उससे कम की राशि जमा है. सबसे पहले इन्हीं खातों में पैसा लौटाने का काम शुरू होगा. राहत की बात यह है कि इसके लिए खाताधारक को कोई अलग से आवेदन करने की जरूरत नहीं है. EPFO यह रकम सीधे उस बैंक खाते में ट्रांसफर करेगा जो आधार से लिंक है. इसलिए, यह सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है कि आपका बैंक खाता आधार से अपडेटेड हो.
क्या होता है इनएक्टिव PF खाता?
नियम के मुताबिक, जिस पीएफ खाते में लगातार 3 साल तक न कोई पेमेंट जमा होता है और न ही निकासी, उसे इनएक्टिव माना जाता है. हालांकि, यह खाता पूरी तरह बंद नहीं होता, इसे नई नौकरी में दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है. साथ ही, EPFO अपनी निगरानी भी बढ़ा रहा है. कंपनियों द्वारा समय पर पीएफ जमा न करने की समस्याओं को रोकने के लिए, EPFO अब अपने डेटाबेस को जीएसटी विभाग और सरकारी पोर्टल जेम (GeM) से जोड़ रहा है.
अपना स्टेटस कैसे चेक करें?
अगर आपको लगता है कि आपका कोई पुराना खाता है, तो आप इन तरीकों से अपना बैलेंस और स्टेटस देख सकते हैं:
- EPFO पोर्टल पर लॉग-इन करके पासबुक चेक करें.
- UMANG ऐप में View Passbook ऑप्शन का उपयोग करें.
- अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से मिस्ड कॉल/SMS से भी बैलेंस की जानकारी लें सकते हैं.


