Sunday, February 22, 2026

अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी रविवार को देवघर के बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचे।

Share

गौतम अदाणी ने देवघर में बाबा बैद्यनाथ धाम के दर्शन किए और सांसद निशिकांत दुबे से मुलाकात की। उन्होंने झारखंड और बिहार में अदाणी ग्रुप की ऊर्जा परियोजनाओं, क्षेत्रीय विकास और भविष्य के निवेश अवसरों पर चर्चा की। अदाणी ने गोड्डा पावर प्लांट की सफलता की सराहना की और पीरपैंती में निर्माणाधीन 2400 मेगावाट के थर्मल पावर प्लांट का जायजा लेने बिहार रवाना हुए। यह मुलाकात दोनों राज्यों में समूह की मजबूत उपस्थिति दर्शाती है।

 रांची अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी रविवार को देवघर के बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की।

मंदिर से निकलने के बाद गौतम अदाणी सीधे गोड्डा लोकसभा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे के निजी आवास पर पहुंचे, जहां दोनों के बीच करीब एक घंटे से अधिक समय तक शिष्टाचारपूर्ण और अत्यंत सार्थक मुलाकात हुई।

मुलाकात के दौरान डॉ. निशिकांत दुबे ने गौतम अदाणी का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें एक स्मृति चिन्ह भेंट किया, जिससे माहौल और भी सौहार्दपूर्ण हो गया।

चर्चा का मुख्य केंद्र झारखंड और बिहार में अदाणी ग्रुप की ऊर्जा परियोजनाएं, क्षेत्रीय विकास, जनकल्याण और भविष्य के निवेश अवसर रहे।

डॉ. दुबे ने गोड्डा में संचालित 1600 मेगावाट (2 x 800 MW) थर्मल पावर प्लांट की सफलता की सराहना की, जो फिलहाल बांग्लादेश को बिजली सप्लाई कर रहा है और जल्द ही भारतीय ग्रिड से जुड़ने वाला है।

निशिकांत दुबे हमारे परम मित्र: अदाणी

उन्होंने कहा कि यह परियोजना स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार के लिए महत्वपूर्ण साबित हुई है। इस दौरान गौतम अदाणी ने कहा कि निशिकांत दुबे उनके परम मित्र हैं।

उनके प्रोत्साहन से ही उन्होंने गोड्डा में पावर प्रोजेक्ट लगाया है। उनका सहयोग गोड्डा पावर प्रोजेक्ट व ग्रुप के लिए हमेशा सकारात्मक रहा है।

उनके मार्गदर्शन में झारखंड में निवेश कर रहे हैं। उन्होंने सिमेंट प्लान के लिए कहा है और वे उस दिशा में भी काम कर रहे हैं। सांसद उसने जो कह रहे हैं वे उसे पूरा करने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वे पांच वर्ष के लंबे इंतजार के बाद बाबाधाम पहुंचे हैं। वहीं सांसद डा. निशिकांत दुबे ने कहा कि वे गौतम अदाणी के शुक्रगुजार हैं कि उनके आग्रह पर उन्होंने यहां निवेश किया।

झारखंड बनने के बाद यहां का सबसे बड़ा उद्योग गोड्डा में लगाया गया। इसे बहुत ही कम समय में पूरा किया गया। इस कारण लोगों को रोजगार मिला है।

गोड्डा में विकास और रोजगार सराहनीय

आज जो गोड्डा का विकास हुआ है वह सभी के लिए देखने लायक है। गौतम अदाणी की सुरक्षा के लिए उनके साथ उनके निजी अंगरक्षक भी चल रहे थे।

वे अपने निजी विमान से देवघर एयरपोर्ट पर उतरे और वहां से सीधे पूजा करने के लिए बाबा मंदिर पहुंचे। वे देवघर से बिहार के पीरपैंती में लगाए जा रहे अदाणी ग्रुप के पावर प्लांट प्रोजेक्ट का जायजा लेने के लिए रवाना हो गए।

दोनों ने बिहार के भागलपुर जिले में पीरपैंती में निर्माणाधीन 2400 मेगावाट (3 x 800 MW) ग्रीनफील्ड अल्ट्रा सुपरक्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट पर भी विस्तार से बात की।

यह प्रोजेक्ट लगभग 27,000 करोड़ रुपये के निवेश से बन रहा है, जो बिहार में ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करेगा और हजारों प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रोजगार पैदा करेगा।

मुलाकात में स्थानीय समुदायों को अधिकतम लाभ पहुंचाने, सस्टेनेबल डेवलपमेंट और दोनों राज्यों में अदाणी ग्रुप के और बड़े निवेश की संभावनाओं पर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ।

झारखंड- बिहार में निवेश से विकास

डॉ. दुबे ने अदाणी से क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए परियोजनाओं को और तेजी से आगे बढ़ाने का आग्रह भी किया।

मुलाकात के बाद गौतम अदाणी बिहार के पीरपैंती के लिए रवाना हो गए, जहां वे अदाणी ग्रुप के इस नए 2400 मेगावाट थर्मल पावर प्रोजेक्ट का जमीनी दौरा करेंगे और प्रगति का जायजा लेंगे।

यह दौरा अदाणी ग्रुप की झारखंड और बिहार में मजबूत उपस्थिति और ऊर्जा क्षेत्र में योगदान को एक बार फिर रेखांकित करता है।

बता दें कि निशिकांत दुबे गोड्डा संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। अदाणी के प्लांट स्थापित करवाने व कंपनी को सहयोग में सांसद की भूमिका उल्लेखनीय रही है।

Read more

Local News