हजारीबाग: जिले के केरेडारी-बुंडू मुख्य मार्ग पर गेरुआ नदी के पास मंगलवार की देर रात अज्ञात अपराधियों ने टीएसपीसी (तृतीय प्रस्तुति कमेटी) के पूर्व सब जोनल कमांडर अनीश अंसारी की गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस सूत्रों के अनुसार अनीश पर करीब 8 से 10 राउंड गोलियां चलाई गईं. मौके से 7-8 खोखे बरामद किए गए हैं और उसके शरीर पर गोलियों के कई निशान पाए गए हैं.
घटना की जानकारी बुधवार की सुबह केरेडारी थाना प्रभारी विवेक कुमार को मिली, जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग मेडिकल कॉलेज भेज दिया. अनीश अंसारी रांची के बुढ़मू थाना क्षेत्र के मतवे गांव का रहने वाला था. पुलिस ने घटनास्थल से एक एंड्रायड मोबाइल, चार्जर और हेडफोन भी बरामद किया है.
पुलिस को मोबाइल की शुरुआती जांच में कई अहम जानकारियां मिली हैं. पुलिस के अनुसार अनीश टंडवा थाना क्षेत्र के आम्रपाली कोल माइंस में बड़ी घटना की साजिश में शामिल था और केरेडारी समेत कोल क्षेत्र में सक्रिय था. मामले की पुष्टि केरेडारी थाना प्रभारी विवेक कुमार ने की है.
सूत्रों के अनुसार अनीश अंसारी के खिलाफ केरेडारी समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों में 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं. पहले वह टीएसपीसी के नाम पर अवैध लेवी वसूलता था और खुद को जोनल कमांडर अभिषेक का करीबी बताता था. अनुशासनहीनता और संगठन को बदनाम करने के आरोप में संगठन ने जुलाई 2024 में उसे निष्कासित कर दिया था.
घटना के बाद पुलिस ने केरेडारी, सिकरी और बड़कागांव थाना क्षेत्रों में सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है. हत्या के पीछे वर्चस्व की प्रतिद्वंद्विता समेत कई पहलुओं की जांच की जा रही है. केरेडारी क्षेत्र में पहले भी नक्सली समूहों के बीच मुठभेड़ हो चुकी है. 20 मई 2017 को इसी इलाके में हुई मुठभेड़ में टीएसपीसी के छह हार्डकोर उग्रवादी मारे गए थे. अगले दिन 21 मई को संगठन के दर्जनों सदस्य शव लेने पहुंचे थे, जिनकी फिल्मी हरकत ने स्थानीय लोगों को भयभीत कर दिया था. घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस हर संभावित कड़ी की जांच कर रही है.


