हजारीबाग: चार दिवसीय मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप का हजारीबाग में आयोजन किया गया है, जिसमें जिले भर से 250 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. इस प्रतियोगिता में जो भी खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करेगा, उसे राज्य स्तरीय शूटिंग चैंपियनशिप में खेलने का मौका मिलेगा.
यह आयोजन हजारीबाग जिला राइफल एसोसिएशन द्वारा आयोजित किया गया है. संघ के अध्यक्ष राकेश रंजन ने बताया कि ऐसा आयोजन खिलाड़ियों को बेहतर प्लेटफार्म देता है और आपस में प्रतिस्पर्धा की भावना भी बढ़ती है. पिछले 3 सालों से प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है. जिसमें राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी उभर कर सामने आए हैं. ऐसे में कहना गलत नहीं होगा कि शूटिंग के क्षेत्र में करियर बनाने वाले खिलाड़ियों के लिए यह एक बेहतर प्लेटफार्म बना है.
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ी और यहां की कोच कहती हैं कि इस बार 250 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं. रजिस्ट्रेशन समाप्त नहीं कराया जाता तो यह संख्या बढ़कर 400 तक पहुंच जाता. छोटे-छोटे बच्चे भी अपना जौहर प्रतियोगिता में दिखा रहे हैं. ऐसी प्रतियोगिता का आयोजन हमेशा होना चाहिए. ताकि खिलाड़ियों को प्लेटफार्म मिले और वह अपनी पहचान राज्य और देश स्तर के प्रतियोगिता में बना सके.
हजारीबाग जिले से अब बेहतर खिलाड़ी शूटिंग के क्षेत्र में उभर कर सामने आ रहे हैं. खेल के क्षेत्र में भी युवा अपना कैरियर तलाश कर रहे हैं, जो एक सकारात्मक पहल कही जा सकती है.


