Monday, June 15, 2026

हजारीबाग के स्केच आर्टिस्ट कोमन राज धोनी के फैन हैं, उन्होंने धोनी के स्केच पर धोनी का ऑटोग्राफ लिया.

Share

हजारीबाग: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी को झारखंड के हजारीबाग के एक कलाकार का बनाया स्केच इतना पसंद आया कि वे उस स्केच को अपने साथ ले गए. लेकिन जब कलाकार ने जिद की और ऑटोग्राफ के साथ उसे वापस मांगा तो उन्होंने उसे वापस भी कर दिया. वह स्केच इसलिए भी खास है, क्योंकि जिस तरह से महेंद्र सिंह धोनी ने 2011 वर्ल्ड कप के दौरान विनिंग छक्का मारा था, उसी पोज और एक्सप्रेशन को स्केच में हूबहू दिखाया गया है.

MS Dhoni sketch

हजारीबाग के एक युवा स्केच आर्टिस्ट कोमन राज का सपना था कि वह एक दिन धोनी से मिले, उनका ऑटोग्राफ ले और उनके साथ सेल्फी ले. रांची के JSCA क्रिकेट स्टेडियम में उनकी 12 साल पुरानी इच्छा आखिरकार पूरी हुई.

झारखंड टी-20 लीग में हुई धोनी से मुलाकात

दरअसल, 11 जून को झारखंड टी-20 लीग के मैच के दौरान कोमन राज महेंद्र सिंह धोनी की आकर्षक स्केच पेंटिंग लेकर स्टेडियम पहुंचे थे. इस स्केच को उन्होंने काफी मेहनत से बनाया था. स्टेडियम पहुंचने के बाद उन्होंने काफी कोशिश की कि उनकी धोनी से मुलाकात हो और वह इस स्केच पर धोनी का ऑटोग्राफ ले. काफी इंतजार और प्रयास के बाद धोनी से उनकी मुलाकात हो गई. इस दौरान उन्होंने धोनी को वह स्केच भेंट किया. उन्हें न सिर्फ धोनी से मुलाकात करने का मौका मिला, बल्कि उनके साथ सेल्फी लेने और स्केच पर ऑटोग्राफ प्राप्त करने का भी मौका मिला.

चार घंटे में बनाया स्केच

कोमन राज ने बताया कि वह वर्षों से इस पल का इंतजार कर रहे थे. अपना सपना सच होने पर वह बहुत खुश हैं और उन्होंने धोनी के सरल एवं प्रेरणादायक व्यक्तित्व की जमकर सराहना की. कोमन बताते हैं कि उसमें यह स्केच झारखंड प्रीमियर लीग के उद्घाटन के समय 4 घंटे की मेहनत से बनाया है. यह स्केच इसलिए खास है क्योंकि इसमें 2011 वर्ल्ड कप के दौरान धोनी के चेहरे का एक्सप्रेशन दिखाया गया है, जब उन्होंने विनिंग सिक्स मारा था, जिससे टीम को जीत मिली थी.

MS Dhoni sketch

स्केच लेकर चले गए धोनी

उन्होंने यह भी बताया कि धोनी को स्केच बहुत पसंद आया. उन्होंने उन्हें बॉक्स में बुलाया और स्केच ले लिया. हालांकि, कोमन ऑटोग्राफ के साथ स्केच वापस चाहते थे. कोमन का कहना है कि धोनी उनसे बोल रहे थे कि वह स्केच वापस नहीं करेंगे. फिर वह स्केच अपने साथ लेकर चले भी गए. कोमन धोनी की कार के पीछे भी भागे, लेकिन धोनी तब तक जा चुके थे. कोमन बहुत परेशान हो गए.

फिर बुलाकर किया स्केच वापस

कोमन फिर बताते हैं कि कैसे, शाम करीब 6:00 बजे, जब माही फिर से स्टेडियम पहुंचे, तो उन्होंने उन्हें बुलाया और स्केच वापस कर दिया. कोमन कहते हैं कि धोनी की पत्नी साक्षी ने शायद उन्हें ऐसा करने के लिए कहा होगा. धोनी ने बॉक्स रूम से इशारा किया और उन्होंने ऑटोग्राफ के साथ स्केच वापस कर दिया.

कोमन माही के साथ एक सेल्फी भी लेना चाहते थे, सुरक्षा व्यवस्था के कारण यह संभव नहीं हो पा रहा था. फिर भी, उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और बड़ी मुश्किल से सेल्फी भी ले ली. कोमन कहते हैं कि उनकी वर्षों की ख्वाहिश पूरी हो गई. उन्हें रात में नींद में भी माही ही नजर आते हैं.

कोमन राज बचपन से ही पेंटिंग करते आ रहे हैं. यह उनका पैशन है. उनके पिता का नाम स्वर्गीय अशोक रविदास है. उनके दो भाई और एक बहन हैं. वह अभी एक प्राइवेट स्कूल में टीचर हैं और उन्होंने B.Ed. की पढ़ाई पूरी की है.

Read more

Local News