Thursday, March 26, 2026

स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा CM डिजिटल हेल्थ योजना और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई.

Share

Ranchi: झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ योजना और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने की. बैठक में अपर सचिव विद्यानंद शर्मा पंकज सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.

बैठक में राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों और जिला अस्पतालों में अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली यानी एचएमआईएस के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा की गई. अपर मुख्य सचिव ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए डिजिटलीकरण आवश्यक है. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों में प्राथमिकता के आधार पर डिजिटल सुविधाएं पूरी की जाएं.

भारत सरकार के उपक्रम के माध्यम से राज्य के सभी जिलों में एचएमआईएस लागू किया जा रहा है. इसके तहत मरीजों का पंजीकरण, ओपीडी, आईपीडी, बिलिंग, लैब जांच सहित अन्य सेवाएं ऑनलाइन संचालित की जा रही हैं. 

अभी कुछ जिलों में इसका पूर्ण क्रियान्वयन नहीं हो पाया है. इसे देखते हुए सभी मेडिकल कॉलेजों और जिला अस्पतालों में फरवरी 2026 के अंतिम सप्ताह तक एचएमआईएस को पूरी तरह लागू करने के निर्देश दिए गए.

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में बीएसएनएल द्वारा लगाए जा रहे वाई-फाई नेटवर्क को फरवरी 2026 तक पूरी तरह कार्यशील किया जाए.

आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत हेल्थ फैसिलिटी रजिस्ट्री और हेल्थ प्रोफेशनल रजिस्ट्री के पंजीकरण की भी समीक्षा की गई. सभी निजी स्वास्थ्य संस्थानों के एचएफआर पंजीकरण को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.

अपर मुख्य सचिव ने फरवरी 2026 के अंत में डिजिटल हेल्थ समिट आयोजित करने का भी निर्देश दिया. इस समिट में स्वास्थ्य क्षेत्र में डिजिटलीकरण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नए नवाचारों पर चर्चा की जाएगी.

Read more

Local News