नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपनी सुबह की दिनचर्या से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो में वह 15 अगस्त को लाल किले के लिए रवाना होने से पहले अपने आधिकारिक आवास पर मोरों को दाना और गायों को चारा खिलाते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में प्रधानमंत्री पारंपरिक पोशाक में दिखाई देते हैं। लाल किले में स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए निकलने से पहले वह आवास परिसर में मौजूद गायों और मोरों के पास पहुंचे। उन्होंने मोरों को अपने हाथों से दाना खिलाया और गायों को चारा दिया।
पीएम मोदी ने बताया सुबह की दिनचर्या का हिस्सा
सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने बताया कि सुबह अपने पशु-पक्षी साथियों को खाना खिलाना उनकी नियमित दिनचर्या का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि उस दिन उन्हें जल्दी निकलना था, लेकिन मोर उनके जाने का समय जैसे समझ गए और उनसे मिलने आ गए।
पहले भी मोर को दाना खिलाते दिखे हैं पीएम मोदी
प्रधानमंत्री इससे पहले भी मोरों को दाना खिलाते हुए वीडियो साझा कर चुके हैं। वर्ष 2020 में सामने आए ऐसे ही एक वीडियो ने काफी ध्यान आकर्षित किया था।
पीएम मोदी के आवास पर गायें भी हैं। इनमें पुंगनूर नस्ल की गायें शामिल हैं, जो आंध्र प्रदेश के चित्तूर क्षेत्र से जुड़ी एक छोटी कद की नस्ल मानी जाती हैं। प्रधानमंत्री समय-समय पर गायों को चारा खिलाने और उनके साथ समय बिताने की तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते रहे हैं।
